VIDEO: गुजरात में कचरा बीनने से नाराज फैक्ट्री मालिक ने दलित को पीट-पीटकर मार डाला
राजकोट: गुजरात के राजकोट में चोरी के आरोप में एक दलित मजदूर की फैक्ट्री मालिक ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस घटना से जुड़ा हुआ एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फैक्ट्री मालिक ने दलित व्यक्ति की पत्नी की भी बेरहमी से पिटाई की है। गुजरात के दलित नेता और विधायक जिग्नेश मेवानी ने भी दलित युवक की पिटाई का यह वीडियो ट्वीट किया है। जिसके बाद मामला और भी अधिक गरमा गया है। पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।

मुकेश कचरा इकठ्ठा करने का काम करता था।
ये घटना रविवार की बताई जा रही है। मुकेश कचरा इकठ्ठा करने का काम करता था। रविवार को वो पत्नी के साथ काम के लिए निकला था। मुकेश फैक्ट्री के पास अपनी पत्नी के साथ कचरा उठा रहा था। तभी चार-पांच लोग आए और उसकी पिटाई शुरू कर दी। लोगों ने मुकेश को रस्सी से बांध दिया था। 28 सेकंड के वीडियो में देखा जा रहा है कि दलित व्यक्ति को फैक्ट्री के गेट पर रस्सी से बांधकर बेरहमी से लोहे की रॉड से पीटा जा रहा है।

पिटाई करने वाले आरोपी फैक्ट्री के ही मजदूर और मालिक हैं
बताया जा रहा है कि युवक की पिटाई करने वाले आरोपी फैक्ट्री के ही मजदूर और मालिक हैं। पिटाई की वजह फैक्ट्री के पास कचरा बीनने को बताया गया है। फैक्ट्री मालिक सहित कई लोगों ने कचरा बीनने वाली महिला को मारपीट कर वहां से भगा दिया। लेकिन दलित व्यक्ति को बंधक बना लिया। जिसके बाद उसे इतना मारा गया कि वो मौके पर ही बेहोश हो गया। बेहोशी की हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
गुजरात दलितों के लिए सुरक्षित नहीं है
बता दें कि मुकेश और उसका परिवार पांच दिन पहले ही राजकोट काम की तलाश में आया था। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर, जांच शुरु कर दी है। गुजरात के दलित नेता और विधायक जिग्नेश मेवाणी ने वीडियो शेयर करते हुए ट्वीट किया है और लिखा है, 'राजकोट में दलित जाति से संबंध रखने वाले मुकेश वनिया को फैक्ट्री मालिकों ने बुरी तरह पीट-पीटकर मार डाला। उसकी पत्नी को भी बुरी तरह से पीटा गया है। गुजरात दलितों के लिए सुरक्षित नहीं है।'












Click it and Unblock the Notifications