Daily Political Update: MP में BJP की जीत पर दिग्विजय ने उठाए सवाल, मिजोरम में जोरमथांगा ने बताई हार की वजह
Daily Political Update: 5 राज्यों के विधानसभा चुनावों के नतीजे सामने आ चुके हैं। छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, मिजोरम, राजस्थान और तेलंगाना में चुनाव संपन्न होने के बाद आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) हटा ली गई है। छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान में बीजेपी का कमल खिला।
वहीं, तेलंगाना की सत्तारूढ़ बीआरएस को कांग्रेस से मुंह की खानी पड़ी। कांग्रेस ने तेलंगाना पर कब्जा जमाया। आज आए मिजोरम विधानसभा चुनाव के नतीजों में छह क्षेत्रीय दलों से गठबंधन करने वाली ज़ोरम पीपुल्स मूवमेंट पार्टी ने परचम लहराया है। मिज़ो नेशनल फ्रंट को हार झेलनी पड़ी।

पीएम मोदी ने मिजोरम विधानसभा चुनाव में जीत पर ज़ोरम पीपल्स मूवमेंट को बधाई दी और राज्य को पूरा समर्थन देने का आश्वासन दिया। अब सभी 5 राज्यों में सीएम फेस और मंत्रिमंडल विस्तार पर बैठकों का दौर शुरू हो चुका है। एक तरफ, तेलंगाना में उभरता सीएम पद के लिए रेवंत रेड्डी के नाम पर कांग्रेस आलाकमान ने रोक लगा दी है। वहीं, बीआरएस अध्यक्ष और तेलंगाना के पूर्व सीएम केसी राव ने चुनाव नतीजों के बाद हैदराबाद में अपने फार्महाउस पर विधायकों सहित पार्टी नेताओं के साथ पहली बैठक की। ऐसे में जानिए देशभर की बड़ी राजनीतिक हलचल, सिर्फ एक खबर में।
मिजोरम में ZPM का लहराया परचम
राज्य के विधानसभा चुनाव में आज मतगणना हुई। जिसमें ज़ोरम पीपुल्स मूवमेंट ने परचम लहराया है। ZPM मिजोरम में अपनी सरकार बनाने के लिए तैयार है क्योंकि उसने 27 सीटें जीती हैं। वहीं, मिज़ो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) को 40 सीटों में से 10 सीटें मिलीं।
'सत्ता विरोधी लहर के कारण मैं हारा'
मिजोरम के निवर्तमान मुख्यमंत्री ज़ोरमथांगा ने कहा कि सत्ता विरोधी लहर के कारण और लोग मेरे प्रदर्शन से संतुष्ट नहीं हैं, इसलिए मैं हार गया... मैं लोगों के फैसले को स्वीकार करता हूं और मुझे उम्मीद है कि अगली सरकार अच्छा प्रदर्शन करेगी।
बीजेपी नेता ने कहा- 5 राज्यों में पार्टी का बेहतरीन प्रदर्शन
एमपी, छत्तीसगढ़ और राजस्थान चुनावों में बीजेपी की जीत पर पार्टी नेता अनिल एंटनी कहते हैं कि लोगों ने पीएम मोदी के नेतृत्व वाली बीजेपी और एनडीए में अपना विश्वास दोहराया है। पिछले साढ़े 9 साल में पीएम मोदी के नेतृत्व में हमने और अधिक विकास देखा है। 67 साल में हमने जो देखा, उससे कहीं ज्यादा। तेलंगाना में भी बीजेपी ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। मिजोरम में यह बीजेपी का अब तक का सबसे अच्छा परिणाम था, पिछली बार हमें केवल एक सीट मिली थी और अब यह 2 हो गई है।
राजस्थान की मांग, वसुंधरा राजे बने CM
जयपुर में राजस्थान बीजेपी नेता बहादुर सिंह कोली कहते हैं कि लोग चाहते हैं कि वसुंधरा जी (वसुंधरा राजे सिंधिया) सीएम बने और उन्हें सीएम बनना चाहिए। पार्टी की बैठक में हम कहेंगे कि उन्हें फिर से सीएम बनना चाहिए।
शिवराज सिंह के घर जाकर कमलनाथ ने दी बधाई
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में बीजेपी को प्रचंड जीत हासिल हुई है। बीजेपी की तमाम योजनाओं का लाभ पार्टी को मिला। वहीं, कांग्रेस को करारी शिकस्त मिलने के बावजूद कांग्रेस नेता कमलनाथ, शिवराज सिंह चौहान के घर पहुंचे। उन्होंने बीजेपी की प्रचंड जीत के लिए बधाई दी। इस दौरान दोनों नेता मुस्कराते हुए नजर आए।
दिग्विजय सिंह ने MP में बीजेपी की जीत पर उठाए सवाल
मध्य प्रदेश विधानसभा की 230 सीटों में बीजेपी को 163 सीटें मिली है, जबकि कांग्रेस को 66 सीटों पर संतोष करना पडा। बीजेपी की जीत पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि सोचने की बात यह है कि जब जनता वही है, तो वोटिंग पैटर्न इतना कैसे बदल गया?












Click it and Unblock the Notifications