Daily Political Update: 'बोलते थे ये चाय वाला क्या करेगा, 400 से 40 सीट पर आ गए', कांग्रेस पर पीएम का तंज
Daily Political Roundup: जेडीएस से निष्कासित नेता प्रज्वल रेवन्ना पर लगे यौन शोषण के आरोपों को लेकर सियासत गरमाई हुई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस मामले में पीएम मोदी को घेरा है।
राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा कि पीएम ने कर्नाटक में महिलाओं के साथ हुए वीभत्स अपराध पर शर्मनाक चुप्पी साध ली। उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को गुजरात के बनासकांठा पहुंचे।

यहां उन्होंने चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जोरदार प्रहार किया। वहीं, मिमिक्री आर्टिस्ट श्याम रंगीला वाराणसी से पीएम मोदी के सामने चुनाव लड़ेंगे। आइये जानते हैं दिनभर का राजनीतिक घटनाक्रम...
पीएम मोदी ने साध ली चुप्पी: राहुल गांधी
सेक्स स्कैंडल केस में फंसे प्रज्वल रेवन्ना मामले में सियासत गरमाई हुई है। अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस मामले में भाजपा को घेरा है। राहुल गांधी ने एक्स पर ट्वीट करते हुए लिखा, 'कर्नाटक में महिलाओं के साथ हुए वीभत्स अपराध पर भी नरेंद्र मोदी ने हमेशा की तरह शर्मनाक चुप्पी साध ली। प्रधानमंत्री को जवाब देना होगा, सब कुछ जान कर भी सिर्फ वोटों के लिए उन्होंने सैकड़ों बेटियों का शोषण करने वाले हैवान का प्रचार क्यों किया। आखिर इतना बड़ा अपराधी बड़ी सहूलियत के साथ देश से फरार कैसे हो गया?''
बनासकांठा में बोले पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को गुजरात के बनासकांठा पहुंचे। यहां उन्होंने चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जोरदार प्रहार किया। पीएम मोदी ने कहा, 'जब में पहली बार लोकसभा के मैदान में आया तो कांग्रेस कहती थी कि ये चाय वाला क्या करेगा। देश ने उनको ऐसा जवाब दिया जो कभी 400 सीट लेकर बैठते थे 40 सीट पर आ गए।'
पीएम के सामने उतरे श्याम रंगीला
राजस्थान के मिमिक्री आर्टिस्ट श्याम रंगीला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने वाराणसी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। श्याम रंगीला पीएम मोदी के सामने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ेंगे। बता दें कि पिछले साल राजस्थान विधानसभा चुनाव के समय रंगीला ने आम आदमी पार्टी से नाता जोड़ा था।
भाजपा पर बरसे तेजस्वी यादव
बिहार में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने अररिया में चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी पर जमकर निशाना साधा। तेजस्वी ने कहा कि पीएम मोदी से बड़ा झूठा प्रधानमंत्री आजतक दुनिया में कोई नहीं हुआ है। तेजस्वी यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी इतना झूठ बोलते हैं कि गोबर को भी हलवा बना देते हैं।












Click it and Unblock the Notifications