Daily Political Update: परिवारवाद पर गरजे पीएम मोदी, AAP के पक्ष में सुप्रीम कोर्ट ने सुनाया फैसला
Daily Political Roundup: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज जम्मू कश्मीर दौरे पर रहे। पीएम मोदी ने 32,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी।
इस दौरान पीएम ने परिवारवाद पर हमला बोलते हुए कहा कि परिवारवाद की राजनीति करने वालों ने हमेशा सिर्फ अपना स्वार्थ देखा। वहीं, चंडीगढ़ मेयर चुनाव को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए फिर से वोटों की गिनती कराने का आदेश दिया है, तो वहीं महाराष्ट्र विधानसभा में मराठा आरक्षण बिल पास हो गया है।

उधर, बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी को संदेशखाली जाने से पश्चिम बंगाल पुलिस ने रोक दिया। आइये जानते हैं दिनभर का राजनीतिक घटनाक्रम...
पीएम ने साधा परिवारवाद पर निशाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को जम्मू कश्मीर को 32,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान पीएम मोदी ने सभा को संबोधित करते हुए परिवारवाद पर जमकर निशाना साधा। पीएम ने कहा कि परिवारवाद की राजनीति का सबसे ज्यादा युवाओं को नुकसान उठाना पड़ता है। जो सरकारें सिर्फ एक परिवार को आगे बढ़ाने में जुटी रहती हैं, वो सरकारें अपने राज्य के दूसरे युवाओं का भविष्य ताक पर रख देती।
सीएम केजरीवाल ने जताया सुप्रीम कोर्ट का धन्यवाद
चंडीगढ़ मेयर चुनाव में लगे धांधली के आरोपों पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने आज बड़ा फैसला सुनाया। कोर्ट ने रिटर्निंग अफसर अनिल मसीह द्वारा निरस्त किए गए आप के 8 वोटों को मान्य करने और वोटों की फिर से गिनती करने आदेश दिया। इस पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की भी प्रतिक्रिया आई है। अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर ट्वीट करते हुए सुप्रीम कोर्ट का आभार जताया है। उन्होंने लिखा, "इस कठिन समय में लोकतंत्र को बचाने के लिए सुप्रीम कोर्ट को थैंक यू!"
महाराष्ट्र विधानसभा में मराठा आरक्षण बिल पास
महाराष्ट्र विधानसभा में मंगलवार को मराठा आरक्षण बिल पास हो गया। इससे पहले कैबिनेट ने शिक्षा और सरकारी नौकरियों में 10% मराठा आरक्षण के बिल के मसौदे को मंजूरी दी। इस पर महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे ने कहा, ''एकनाथ शिंदे का इतिहास हर कोई जानता है और इसलिए जब तक उन्होंने जो कहा है वह लागू नहीं होता, तब तक कुछ नहीं कहा जा सकता। हमने सरकार का समर्थन किया है लेकिन कितने लोगों को नौकरियां मिल रही है, यह बताई जानी चाहिए।''
स्वामी प्रसाद मौर्य पर डिंपल यादव ने कहा
समाजवादी पार्टी से स्वामी प्रसाद मौर्य के इस्तीफे पर समाजवादी पार्टी सांसद डिंपल यादव ने कहा, "चुनाव के दौरान स्वामी प्रसाद मौर्य समाजवादी पार्टी में आए थे, वे चुनाव नहीं जीत पाए थे लेकिन फिर भी हमने उन्हें MLC बनाकर विधानसभा भेजा। पार्टी हमेशा उनका सम्मान करती आई है।"












Click it and Unblock the Notifications