Daily Political Update: इंडी गठबंधन सरकार विकास विरोधी और जन विरोधी... विपक्ष पर गरजे पीएम मोदी
Daily Political Roundup: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को झारखंड और पश्चिम बंगाल दौरे पर रहे। इस दौरान धनबाद में पीएम मोदी ने कई परियोजनाओं का लोकार्पण किया।
पीएम मोदी ने विपक्ष पर जमकर निशाना भी साधा। उधर, बिहार में तेजस्वी यादव को बड़ा झटका लगा है। RJD विधायक भरत बिंद बीजेपी में शामिल हो गए हैं। तो वहीं, लोकसभा चुनाव पर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा सिंह के बयान से सियासी पारा फिर चढ़ गया है।

यूपी में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने किसानों के मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार को घेरा। आइये जानते हैं दिनभर का राजनीतिक घटनाक्रम...
विपक्ष पर गरजे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को झारखंड व पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहे। इस दौरान पीएम मोदी ने विपक्षीय इंडिया गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। पीएम ने कहा कि जल जीवन मिशन का केवल 50% काम ही पूरा हो सका है। इंडिया गठबंधन पर काम नहीं होने दे रहा। वे गरीबों के लिए घर बनाने में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। इंडी गठबंधन सरकार विकास विरोधी और जन विरोधी है। उनका एकमात्र दृष्टिकोण लोगों के अधिकारों को छीनना और आनंद लेना है।
RJD विधायक भरत बिंद बीजेपी में शामिल
लोकसभा चुनाव से पहले इंडिया गठबंधन को एक और बड़ा झटका लगा है। बिहार में तेजस्वी यादव को झटका देते हुए भभुआ विधानसभा क्षेत्र से राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के विधायक भरत बिंद ने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया है। भरत बिंद ने कहा, "मुझे शामिल होना था इसलिए आ गया। हर कोई अपनी पार्टी ठीक से चला रहा है। मुझे नीतियों पर भरोसा है इसलिए आ गया।"
भाजपा की कार्यप्रणाली हमसे बेहतर: प्रतिभा सिंह
हिमाचल कांग्रेस में मचे सियासी घमासान के बाद अब हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा सिंह के बयान से फिर राजनीति का पारा हाई हो गया है। लोकसभा चुनाव को लेकर प्रतिभा सिंह ने कहा, "कांग्रेस में हमें अभी बहुत कुछ करना बाकी है। सांसद के तौर पर मैंने अपने निर्वाचन क्षेत्र का दौरा बार बार किया और लोगों की समस्याओं को जानने की कोशिश की है। यह सच है कि भाजपा की कार्यप्रणाली हमसे बेहतर है।"
अखिलेश ने भाजपा को घेरा
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर किसानों के मुद्दे को लेकर भाजपा सरकार को घेरा है। उन्होंने शुक्रवार को कहा, "गणित बहुत आसान है। किसान की आय दोगुनी नहीं हुई। चुनाव आया काले कानून वापस ले लिए। किसान को खुश करने के लिए चौधरी चरण सिंह और स्वामीनाथन को भारत रत्न दिया गया। अगर भाजपा के लोग सच में किसानों के दुख दर्द समझते हैं, तो स्वामीनाथन ने जो फॉर्मूला दिया था उसे अमल क्यों नहीं कर रहे हैं?"












Click it and Unblock the Notifications