Daily Political Update: किसान आंदोलन पर सियासत शुरू, राहुल गांंधी बोले- किसानों को हम MSP की गारंटी देंगे
Daily Political Update:किसानों ने एक बार फिर केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंंजाब से बड़ी संख्या में किसान दिल्ली की ओर बढ़ रहे हैं।
इसके साथ ही किसान आंदोलन पर सियासत भी शुरू हो गई है। किसान नेता राकेश टिकैत ने सरकार को आगाह करते हुए कहा कि कई किसान यूनियन हैं और उनके अलग-अलग मुद्दे हैं।

वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने किसान आंदोलन को लेकर भाजपा को जमकर घेरा। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी किसान आंदोलन को लेकर केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला है। उधर, महाराष्ट्र कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद अशोक चव्हाण ने मंगलवार को भाजपा का दामन थाम लिया है। आइये जानते हैं दिनभर का राजनीतिक घटनाक्रम...
राहुल गांंधी का ऐलान
किसान आंदोलन के बीच छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बड़ा ऐलान किया है। राहुल गांधी ने कहा कि INDIA की सरकार आएगी तो हम MSP की गारंटी किसानों को देंगे। यह सिर्फ हमारी शुरूआत है। हम किसानों को स्वामीनाथन कमीशन के अनुसार MSP देंगे।
राकेश टिकैत ने सरकार को चेताया
एमएसपी समेत अपनी विभिन्न मांगों को लेकर दिल्ली कूच कर रहे किसानों को लेकर किसान नेता राकेश टिकैत ने सरकार को आगाह किया है। राकेश टिकैत ने कहा कि सरकार जो कर रही है वो गलत कर रही है। बातचीत करके समस्या सुलझानी चाहिए। अगर किसानों साथ कोई अन्याय हुआ या फिर सरकार ने उनके लिए कोई दिक्कत पैदा की तो ना वो किसान हमसे ज्यादा दूर हैं और ना दिल्ली हमसे ज्यादा दूर है।
खड़गे ने भाजपा को घेरा
किसानों के प्रदर्शन पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भाजपा की केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोला है। खड़गे ने मंगलवार को ट्वीट करते हुए लिखा कि सरकार ने किसानों को बदनाम करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। वर्तमान सरकार ने किसानों से किए वायदों को तोड़ा है। हम किसान आंदोलन को पूरा समर्थन दे रहे हैं। वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि पूरा बॉर्डर ऐसे सील कर दिया गया है जैसे कोई दुश्मन देशों का बॉर्डर हो। अन्नदाता किसानों की हुंकार से डरी हुई वर्तमान सरकार एक बार फिर 100 साल पहले अंग्रेजों द्वारा दमनकारी 1917 के बिहार के चंपारण किसान आंदोलन, खेड़ा आंदोलन की याद दिला रही है।
किसानों को सिर्फ धोखा दिया: अखिलेश यादव
दिल्ली की ओर कूच रहे किसानों को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार को घेरा है। अखिलेश यादव ने कहा कि केंद्र सरकार ने अपने पूरे कार्यकाल में किसानों को सिर्फ छल और धोखा दिया। भाजपा किसानों की आवाज को कुचलना चाहती है। उनको दिल्ली की सीमाओं पर बैरिकेड लगाकर रोक दिया जाता है। किसानों के रास्ते में कीलें ठोक दी गई। उन्होंने आगे कहा कि एक तरफ चौधरी चरण सिंह जी को भारत रत्न दिया, वहीं दूसरी तरफ किसानों को बल प्रयोग कर उन्हें उत्पीड़ित किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications