Daily Political Update: 'हालात बदलने ही होंगे', चूरू में गरजे पीएम मोदी, कांग्रेस के घोषणापत्र खड़ा हुआ विवाद
Daily Political Roundup: लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया। पार्टी ने इसे न्याय पत्र नाम दिया है, जिसमें 25 गारंटियां दी गई हैं। वहीं, कांग्रेस के घोषणा पत्र में विदेशी तस्वीरों को लेकर विवाद भी खड़ा हो गया। भाजपा ने इस पर सवाल उठाए हैं।
उधर, राजस्थान के चूरू में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनावी रैली को संबोधित किया। वहीं, महागठबंधन में मुकेश सहनी शामिल हो गए। आरजेडी ने सहनी की पार्टी वीआईपी को अपने कोटे से तीन सीटें देने का ऐलान किया है। आइये जानते हैं दिनभर का राजनीतिक घटनाक्रम...

कांग्रेस के घोषणापत्र में 25 गारंटियां
कांग्रेस ने शुक्रवार को लोकसभा चुनाव को लेकर अपना घोषणापत्र जारी किया, जिसमें 30 लाख नौकरियां, गरीब परिवार की महिलाओं को एक लाख रुपये सालाना, जाति जनगणना, एमएसपी को कानूनी दर्जा समेत 25 गारंटियां दी गईं। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हमारा यह घोषणापत्र देश के राजनीतिक इतिहास में न्याय के दस्तावेज के रूप में याद किया जाएगा। राहुल गांधी के नेतृत्व में चली भारत जोड़ो न्याय यात्रा में पाँच पिलर्स, युवा न्याय, किसान न्याय, नारी न्याय, श्रमिक न्याय और हिस्सेदारी न्याय की घोषणा की गई थी। हमने इसकी गारंटी दी है।
कांग्रेस के घोषणा पत्र पर उठे सवाल
वहीं, भाजपा ने कांग्रेस के घोषणा पत्र पर सवाल उठाए हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस के घोषणापत्र में वाटर मैनेजमेंट पर एक तस्वीर है। यह तस्वीर न्यूयॉर्क के बफेलो नदी की है, जो कि थाईलैंड में है और यह राहुल गांधी की पसंदीदा जगह है। उन्होंने कहा कि यह तस्वीर घोषणापत्र में किसने डाली। कांग्रेस को पता करना चाहिए कि उनको ये तस्वीरें भेजा कौन रहा है।
हालात बदलने होंगे, चूरू में बोले पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को राजस्थान के चूरू दौरे पर रहे। इस दौरान चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "मैंने तय किया कि हालात बदलने ही होंगे। मेरे लिए तो मेरा भारत, मेरा परिवार है। आज पूरी दुनिया हैरान है कि भारत इतनी तेजी से कैसे विकास कर रहा है। दुनिया जानती नहीं है कि हम जो ठान लेते हैं, वो पूरा करके दिखाते हैं। पिछले 10 साल में आपने देश को बदलते देखा है।"
वीआईपी को मिली 3 सीटें
मुकेश सहनी महागठबंधन में शामिल हो गए हैं। आरजेडी ने सहनी की पार्टी वीआईपी को अपने कोटे से तीन सीटें देने का ऐलान किया है। राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "राजद 26 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और हमारी पार्टी ने फैसला किया है कि हम अपने कोटे से मुकेश सहनी की पार्टी को 3 सीटें देंगे। तीन सीटें- गोपालगंज, झंझारपुर और मोतिहारी हैं।"












Click it and Unblock the Notifications