Daily Political Update: गहलोत ने भाजपा को घेरा, बिहार के शिक्षा मंत्री के बयान से मचा हंगामा
Daily Political Roundup: सीटों के बंटवारे को लेकर दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की बैठक हुई। वहीं, राजस्थान की करणपुर सीट पर उपचुनाव में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है, जिसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा पर निशाना साधा।

इधर, बिहार के शिक्षा मंत्री प्रोफेसर चंद्रशेखर सिंह के मंदिर को लेकर दिए गए बयान के बाद नया बखेड़ा हो गया है। आइए जानते हैं दिनभर का राजनीतिक घटनाक्रम...
करणपुर में भाजपा की हार, गहलोत ने साधा निशाना
करणपुर उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार सुरेंद्र पाल सिंह टीटी को हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी रुपिंदर सिंह कुन्नर ने 12 हजार 570 वोटों से जीत दर्ज की है। पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने कुन्नर को बधाई दी और भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा पहली सियासी परीक्षा में फेल हुई है।
आप-कांग्रेस की बैठक, सीटों के बंटवारे पर चर्चा
लोकसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे को लेकर सोमवार को कांग्रेस और आप की बैठक हुई। बैठक में कांग्रेस की तरफ से मुकुल वासनिक मौजूद रहे। वासनिक ने बताया कि पहले दौर की बैठक अच्छी रही और यह चर्चा आगे भी जारी रहेगी, जिसमें सीट शेयरिंग को अंतिम रूप दिया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि दोनों ही दल इंडिया गठबंधन का महत्वपूर्ण हिस्सा है और हम बीजेपी को कड़ी टक्कर देंगे।
शिक्षा मंत्री के बयान पर बवाल, वार-पलटवार
बिहार के शिक्षा मंत्री प्रोफेसर चंद्रशेखर सिंह के मंदिर को लेकर दिए गए बयान के बाद बवाल मच गया है। शिक्षा मंत्री की कड़ी आलोचना हो रही है। केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा, इन लोगों (विपक्ष) को राम मंदिर से क्या बैर है। इस देश को अशफाक उल्ला खान चाहिए, कैप्टन हमीद चाहिए, बाबर और अफजल गुरू नहीं चाहिए। वहीं, केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा कि ऐसी गुलामी की मानसिकता से ईश्वर सबका पिंड छुड़ाएं। वहीं, LJP (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि यह लोगों की भावनाओं को आहत कर रहे हैं।
स्वाति मालीवाल, एनडी गुप्ता और संजय सिंह का नामांकन
आम आदमी पार्टी की ओर से स्वाति मालीवाल, एनडी गुप्ता और संजय सिंह ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया है। इस दौरान स्वाति मालीवाल ने कहा कि पार्टी ने मुझ जैसी आम महिला को राज्यसभा भेजने का निर्णय लिया है, इसलिए पार्टी नेतृत्व का धन्यवाद करती हूं।












Click it and Unblock the Notifications