Cyclone Montha ने रोकी रफ्तार! आंध्र, ओडिशा और तमिलनाडु में भारी बारिश, 35 से ज्यादा फ्लाइट्स रद्द, ताजा अपडेट
Cyclone Montha Updates: आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तमिलनाडु के तटीय इलाकों में मंगलवार, 28 अक्तूबर की सुबह से ही भारी बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला शुरू हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, गंभीर चक्रवाती तूफान "मोंथा" (Cyclone Montha) अब और ज्यादा तेज हो गया है।
मौसम विभाग की ओर से जारी ताजा अपडेट के मुताबिक, मोंथा आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ चला है और यह मंगलवार शाम या रात तक माचिलिपटनम और कालींगपट्टनम के बीच, काकीनाडा के पास तट से टकरा सकता है।

रेड अलर्ट जारी, राहत दल तैनात
चक्रवात के संभावित खतरे को देखते हुए भारत सरकार ने कई राज्यों में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की 25 टीमें तैनात की हैं। ये टीमें आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़ और पुडुचेरी में सक्रिय रूप से राहत और बचाव कार्य के लिए तैयार हैं। काकीनाडा बंदरगाह पर मौसम विभाग ने 10 नंबर रेड वार्निंग जारी की है, जबकि विशाखापट्टनम, गंगावरम और मछलीपट्टनम बंदरगाहों के लिए 9 नंबर चेतावनी जारी की गई है।
हवाई सेवा पर असर - 35 से अधिक उड़ानें रद्द
Cyclone Montha के असर से हवाई सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। तेलंगाना के शमशाबाद एयरपोर्ट (हैदराबाद) से विजयवाड़ा, विशाखापट्टनम और राजमुंदरी के बीच चलने वाली 35 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। इनमें 30 IndiGo, 2 Air India, और 5 Air India Express की उड़ानें शामिल हैं। विशाखापट्टनम एयरपोर्ट पर संचालन पूरी तरह से रोक दिया गया है।
ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित
भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण कई ट्रेन सेवाओं को रद्द कर दिया गया है या उनके मार्ग बदले गए हैं। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। आंध्र प्रदेश सरकार ने चक्रवात की गंभीरता को देखते हुए 800 से अधिक राहत केंद्र स्थापित किए हैं। तटीय इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। गर्भवती महिलाओं को अस्पतालों में स्थानांतरित किया गया है। जिला प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है और बिजली, पानी तथा स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी की जा रही है।
तटीय राज्यों में हाई अलर्ट
IMD ने चेतावनी दी है कि अगले 24 घंटों में आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तमिलनाडु के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं, इसलिए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी गई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, Cyclone Montha की गति 100 से 120 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे पेड़, बिजली के खंभे और अस्थायी घरों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
तटीय जिलों में स्कूलों और सरकारी दफ्तरों को बंद रखा गया है। चक्रवात मोंथा (Cyclone Montha) मंगलवार शाम तक आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है। इसके चलते हवाई और रेल सेवाएं बाधित हुई हैं, 800 राहत केंद्र सक्रिय किए गए हैं और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर तैनात हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।












Click it and Unblock the Notifications