अक्टूबर के आखिर में बिगड़ा मौसम का मिजाज! चक्रवात अर्नब के कारण कई जिलों में केजी से 12वीं तक स्कूल बंद
Cyclone Arnab Alert: चक्रवाती तूफान अर्नब का असर समुद्र तट से दूर झारखंड तक पहुंच गया है। बुधवार, 28 अक्टूबर की सुबह से राज्य के कई इलाकों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने नौ जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। खराब मौसम को देखते हुए रांची और लोहरदगा समेत कई जिलों में स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है।
इसका असर ओडिशा और आंध्र प्रदेश में भी दिख रहा है, जहां शिक्षण संस्थानों को बंद करने के साथ बचाव की तैयारी तेज कर दी गई है। समुद्र में मछुआरों के जाने पर रोक है और राहत दलों को अलर्ट पर रखा गया है। केंद्र सरकार भी हालात पर नजर बनाए हुए है।

झारखंड के 9 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, बोकारो, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश के कारण तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है, जिससे अक्टूबर के आखिरी दिनों में ठंड बढ़ने का अहसास होगा। रांची और लोहरदगा में केजी से 12वीं तक की कक्षाएं 28 और 29 अक्टूबर को बंद रहेंगी। कई अन्य जिलों में भी 29 अक्टूबर तक स्कूल बंद रखने का आदेश दिया गया है।
ये भी पढ़ें: Cyclone Arnab Landfall: आंध्र प्रदेश के तट से टकराया चक्रवाती तूफान अर्नब, क्या है IMD का नया अपडेट?
ओडिशा में राहत दल तैनात
ओडिशा के गंजाम, गजपति, रायगडा, मलकानगिरी, कोरापुट और नबरंगपुर में 28 और 29 अक्टूबर को स्कूल, कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। अंडमान-निकोबार में मंगलवार तक स्कूल बंद रखे गए थे। ओडिशा में करीब 60 ओडीआरएएफ और 17 एनडीआरएफ टीमें तैनात हैं। 225 दमकल टीमें अलर्ट पर हैं। गंजाम में 100 चक्रवात आश्रय तैयार हैं, जबकि 1,000 अस्थायी ठिकानों की भी पहचान की गई है। मछुआरों के समुद्र में जाने पर रोक लगा दी गई है।
आंध्र प्रदेश में समुद्र तट बंद
आंध्र प्रदेश में तूफान प्रभावित क्षेत्रों के शिक्षण संस्थान बंद हैं। समुद्र तटों पर लोगों की आवाजाही रोक दी गई है और मंगलवार दोपहर से तटीय सड़कों पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, तूफान 28 अक्टूबर की दोपहर से पहले बापटला और विशाखापत्तनम के बीच तट से टकरा सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की आशंका है।
केंद्र सरकार ने बढ़ाई निगरानी
राष्ट्रीय संकट प्रबंधन समिति ने कैबिनेट सचिव टीवी सोमनाथन की मौजूदगी में तैयारियों की समीक्षा की। तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और पुडुचेरी के साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार पर भी नजर रखने को कहा गया है। गृह मंत्रालय और मौसम विभाग को इन इलाकों में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
अगले 48 घंटे अहम माने जा रहे हैं। तटीय इलाकों में तेज हवाओं और अंदरूनी क्षेत्रों में भारी बारिश से निचले इलाकों में पानी भरने का खतरा है। प्रशासन ने लोगों को गैरजरूरी यात्रा से बचने और मौसम विभाग की ताजा जानकारी देखते रहने की सलाह दी है।
ये भी पढ़ें: Cyclone Arnab Alert: आंध्र प्रदेश के बाद कहां तबाही मचाने को बेताब 'अर्नब'? UP समेत किन राज्यों में अलर्ट?


Click it and Unblock the Notifications
