Cyclone Arnab Landfall: आंध्र प्रदेश के तट से टकराया चक्रवाती तूफान अर्नब, क्या है IMD का नया अपडेट?
Cyclone Arnab Update: बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान अर्नब ने आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों में मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बुधवार सुबह से कई जगहों पर तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हो रही है। समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं और तटीय इलाकों में पेड़ गिरने की खबरें भी सामने आई हैं। मौसम खराब होने के कारण आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
वहीं, प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। तूफान की ताकत को देखते हुए हवाई सेवाओं पर भी असर पड़ने की आशंका जताई गई है। भारतीय मौसम विभाग लगातार इसकी दिशा और रफ्तार की जानकारी दे रहा है। इस बीच बुधवार तड़के तूफान के तट से टकराने की प्रक्रिया शुरू हो गई, जिसके बाद कई जिलों में बारिश और हवाओं का जोर बढ़ गया।

आंध्र प्रदेश के तट से टकराया चक्रवात अर्नब
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान अर्नब ने बुधवार, 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश और यनम के तटीय इलाकों में दस्तक देना शुरू कर दिया। तूफान का लैंडफॉल काकीनाडा के पास यनम क्षेत्र के आसपास शुरू हुआ। मौसम विभाग ने बताया कि चक्रवात का केंद्र समुद्र तट के बेहद करीब पहुंच गया था और उसका उत्तरी हिस्सा जमीन की ओर बढ़ चुका था।
शुरुआती अनुमान के मुताबिक, लैंडफॉल की प्रक्रिया सुबह करीब 4 बजे तक पूरी होने की संभावना जताई गई थी। हालांकि, मौसम विभाग के बाद के बुलेटिन में बताया गया कि यह प्रक्रिया अगले तीन घंटे तक जारी रह सकती है।
150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची हवाओं की रफ्तार
चक्रवात अर्नब के कारण तटीय इलाकों में बेहद तेज हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार, तूफान के केंद्र के आसपास हवाओं की लगातार रफ्तार 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटा बनी हुई है। वहीं, हवा के तेज झोंकों की रफ्तार 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच रही है। इतनी तेज हवाओं के कारण पेड़ों के गिरने और कमजोर ढांचों को नुकसान पहुंचने का खतरा बढ़ गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले तीन घंटों के दौरान तूफान उत्तर-पश्चिम दिशा में करीब 3 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ा था। इसके बाद इसके पहले धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम और फिर उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने की संभावना जताई गई।
कहां पहुंचा चक्रवात का केंद्र?
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात अर्नब का केंद्र पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में 16.4 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 82.0 डिग्री पूर्वी देशांतर के आसपास स्थित था। उस समय तूफान का केंद्र नरसापुर से करीब 30 किलोमीटर पूर्व, यनम से 45 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पश्चिम और काकीनाडा से लगभग 70 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में था। इसके अलावा यह मछलीपट्टनम से करीब 90 किलोमीटर पूर्व-उत्तर पूर्व में स्थित बताया गया।
मौसम विभाग ने अनुमान जताया कि तूफान बापटला और विशाखापत्तनम के बीच, यनम के दक्षिणी हिस्से के करीब आंध्र प्रदेश और यनम तट को पार करेगा।
विशाखापत्तनम समेत कई जिलों में भारी बारिश
चक्रवात के असर से आंध्र प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश और हवाओं का सिलसिला जारी है। अनकापल्ली, विशाखापत्तनम, काकीनाडा और कोनसीमा जिलों में कई जगह भारी बारिश दर्ज की गई। विशाखापत्तनम, काकीनाडा, कोनसीमा और पश्चिम गोदावरी के जिला अधिकारियों ने भी अपने इलाकों में तेज हवाएं और भारी बारिश होने की जानकारी दी है।
अधिकारियों के मुताबिक, तूफान के कारण कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए हैं। विशाखापत्तनम में एयू कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग फॉर विमेन के पास भी तेज हवा से एक पेड़ गिरने की खबर सामने आई है। प्रभावित इलाकों में स्थानीय प्रशासन मौसम की स्थिति पर नजर रख रहा है।
ओडिशा में भी दिखा तूफान का असर
चक्रवात अर्नब का असर केवल आंध्र प्रदेश तक सीमित नहीं है। ओडिशा के तटीय इलाकों में भी तेज हवाएं और बारिश देखने को मिल रही है। ओडिशा के गंजाम जिले में स्थित गोपालपुर बीच पर बुधवार सुबह समुद्र में ऊंची लहरें उठती दिखाई दीं। समाचार एजेंसी एएनआई की ओर से जारी तस्वीरों में समुद्र का उग्र रूप, तेज हवाएं और बारिश देखी गई।
मौसम विभाग के अनुसार, तूफान का केंद्र तट के बेहद करीब होने के कारण आसपास के इलाकों में खराब मौसम बना रह सकता है।
हवाई यात्रियों की बढ़ सकती हैं मुश्किलें
चक्रवात अर्नब के कारण हवाई सेवाओं पर भी असर पड़ने की आशंका है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय (MoCA) ने मौसम की स्थिति को देखते हुए हवाई अड्डों और विमानन कंपनियों की तैयारियों की समीक्षा की है। मंत्रालय ने एक बैठक में हवाई यात्रियों की सुरक्षा और विमान संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों और दक्षिणी ओडिशा से आने-जाने वाली उड़ानों पर सबसे अधिक असर पड़ने की संभावना जताई गई है। इनमें भुवनेश्वर से जुड़ी उड़ानें भी शामिल हैं। इसके अलावा तूफान की दिशा और मौसम की स्थिति के आधार पर हैदराबाद, वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर की कुछ उड़ानों में भी देरी हो सकती है।हालांकि, उड़ानों में बदलाव की स्थिति संबंधित एयरलाइन और हवाई अड्डे की आधिकारिक सूचना से ही स्पष्ट होगी।
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ले रहे लगातार अपडेट
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू भी चक्रवात की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के अनुसार, मुख्यमंत्री अधिकारियों से तूफान की दिशा, रफ्तार और प्रभावित जिलों की स्थिति के बारे में लगातार जानकारी ले रहे हैं। तटीय जिलों के प्रशासन से भी मौसम की स्थिति और नुकसान से जुड़ी रिपोर्ट ली जा रही है।
लैंडफॉल के बाद भी जारी रह सकती है बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात के जमीन से टकराने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी प्रभावित इलाकों में बारिश और तेज हवाएं तुरंत बंद होने की उम्मीद नहीं है। तूफान के आगे बढ़ने के साथ आंध्र प्रदेश और आसपास के इलाकों में कुछ समय तक खराब मौसम बना रह सकता है।
तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को समुद्र के किनारे जाने से बचने और स्थानीय प्रशासन की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी जा रही है। वहीं, हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को एयरपोर्ट रवाना होने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जांचनी चाहिए।


Click it and Unblock the Notifications
