कोरोना संक्रमित मरीज के संपर्क में आया सर गंगाराम अस्पताल का स्टाफ, क्वारंटाइन में गए 108 डॉक्टर और नर्स
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। एम्स और सफदरजंग अस्पताल में पिछले दिनों डॉक्टरों के संक्रमित होने का मामला सामने आया था। वहीं, अब सर गंगाराम हॉस्पिटल के डॉक्टरों और नर्सों सहित 108 लोगों को क्वारंटाइन किया गया है। बताया जा रहा है कि ये मेडिकल स्टाफ कोरोना के दो पॉजिटिव मरीजों के संपर्क में आए थे।
Recommended Video

सर गंगाराम अस्पताल में इन दोनों मरीजों की दूसरी जांच रिपोर्ट के नतीजे भी पॉजिटिव आए थे। इनकी रिपोर्ट सामने आने के बाद गंगाराम अस्पताल के 108 मेडिकल स्टाफ को क्वारंटाइन कर दिया गया है। इनमें से 85 स्टाफ होम-क्वारंटाइन हैं जबकि 23 अन्य अस्पताल में हैं। पिछले दिनों एम्स के एक डॉक्टर के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की खबर आई थी। जबकि सफदरजंग अस्पताल के दो रेजिडेंट डॉक्टरों के भी कोरोना से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। इसके अलावा मोहल्ला क्लिनिक के दो डॉक्टरों के संक्रमित होने की खबर आई थी।
इस बीच, फेक न्यूज या अफवाहों के प्रसार से बचने के लिए, सफदरजंग अस्पताल के अधिकारी पुलिस को अस्पताल के व्हाट्सएप ग्रुप के सभी एडमिन के नाम, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी साझा करेंगे। कोरोना वायरस को लेकर फैल रही अफवाहों के मद्देनजर अस्पताल प्रशासन ने ये फैसला लिया है।
वहीं, कोरोना के खिलाफ जंग में मदद के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के कर्मचारी एक दिन का वेतन प्रधानमंत्री CARES फंड को दान करेंगे। दिल्ली में कोरोना वायरस के 386 मामले सामने आ चुके हैं जिनमें 259 लोग वे हैं जो निजामुद्दीन मरकज में तबलीगी जमात के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। पिछले दो दिनों में दिल्ली के निजामुद्दीन में तबलीगी जमात के धार्मिक कार्यक्रम से जुड़े कोरोना वायरस से संक्रमित करीब 650 मामले सामने आए हैं। देश में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 2902 तक पहुंच गई है।












Click it and Unblock the Notifications