कोरोना संक्रमित पिता ने बेटी और पत्नी के सामने तोड़ा दम, लोगों ने गांव में घुसने की नहीं दी थी अनुमति
हैदराबाद, मई 5। आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले से मन को विचलित कर देने वाली तस्वीरें सामने आई हैं। दरअसल, जिले के जी सिगदम इलाके में एक कोरोना संक्रमित मरीज ने अपनी बेटी और अपनी पत्नी के सामने दम तोड़ दिया। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक शख्स जो कोरोना संक्रमित है, वो जमीन पर पड़ा है। उसकी बेटी उसे पानी पिलाना चाहती है, लेकिन उसकी मां उसे ऐसा करने से रोकती है। इस घटना को एक शख्स और देख रहा है, जिसने ये वीडियो बनाया है, लेकिन किसी ने भी उस शख्स को हाथ तक नहीं लगाया और आखिर में शख्स ने दम तोड़ दिया।

तड़पते पिता को पानी तक नहीं पिला पाई बेटी
दरअसल, इस इलाके का रहने वाला असीरानायडू विजयवाड़ा से अपने गांव लौटा था। विजयवाड़ा में वो मजदूरी करता था। बताया जा रहा है कि ये शख्स कोरोना पॉजिटिव था तो इस वजह से गांववालों ने इसे गांव में घुसने नहीं दिया तो वह गांव के ही बाहर एक झोंपड़ी में रहने लगा, लेकिन यहां रहकर उसकी हालत लगातार खराब होती चली गई और आखिर में वो जमीन पर सांस के लिए तड़पने लगा। उसे सांस लेने में मुश्किल होने लगी। अपने पिता को तड़पता देख बेटी से नहीं रहा गया तो वो पानी पिलाने के लिए भागी, लेकिन उसकी मां ने ऐसा करने से उसे रोक दिया और आखिर में शख्स ने तड़पते-तड़पते दम तोड़ दिया।
कोरोना काल में इस तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं, जहां कोरोना संक्रमित मरीज की मौत के बाद उसके परिजन अस्पताल में ही उसका साथ छोड़ देते हैं। बाद में पुलिस या फिर अस्पताल प्रशासन ही ऐसे शवों का अंतिम संस्कार करता है।












Click it and Unblock the Notifications