दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को तेज बुखार और सांस लेने में तकलीफ, अस्पताल में भर्ती
नई दिल्ली। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल (RGSSH) में भर्ती कराया गया है। उन्हें तेज बुखार और सांस लेने में तकलीफ हो रही थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। आज उनका कोरोना वायरस का टेस्ट किया जाएगा। जैन ने ट्वीट कर खुद अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी दी है। उन्होंने कहा, 'बीती रात तेज बुखार और ऑक्सीजन के स्तर में कमी के कारण मैं राजीव गांधी अस्पताल में भर्ती हुआ हूं। आपको आगे की जानकारी देता रहूंगा।'
Recommended Video

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने स्वास्थ्य मंत्री के ट्वीट को रीट्वीट करते हुए लिखा, 'अपनी सेहत का ख्याल किए बिना आप रात दिन 24 घंटे जनता की सेवा में लगे रहे। अपना ख्याल रखें और जल्द स्वस्थ हों।' इससे पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी खुद को होम आइसोलेशन में रखा था। उन्हें बुखार और गले में परेशानी थी। जिसके बाद उनका कोरोना टेस्ट किया गया और उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। पूरे देश में ये शहर सबसे ज्यादा संक्रमित मामलों में तीसरे स्थान पर आ गया है। बीते 24 घंटों में ही 1647 नए मामलों की पुष्टि हुई है। इस दौरान सबसे अधिक 73 लोगों की मौत भी हुई है।
राजधानी दिल्ली में अब कुल मामले 42,829 हो गए हैं। वहीं बीते 24 घंटों के दौरान 604 मरीज भी ठीक हुए हैं। अभी तक कुल 16,427 मरीज ठीक होकर अपने घर गए हैं। अब तक यहां कोरोना वायरस से कुल 1400 मरीजों की मौत हुई है। सक्रिय मामले अब भी 25002 हैं। जानकारी के मुताबिक दिल्ली में बीते 24 घंटों में 6150 कोरोना टेस्ट हुए हैं। रविवार को जारी आंकड़ों के अनुसार इससे पहले 24 घंटों के दौरान 7353 टेस्ट हुए थे।
यहां बढ़ते मामलों के बीच गृहमंत्री अमित शाह ने सर्वदलीय बैठक की और एलएनजेपी अस्पताल का दौरा भी किया। गृहमंत्री ने आदेश दिया है कि दिल्ली के सभी अस्पतालों के कोरोना वायरस वार्ड में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। अस्पताल का दौरा करने के बाद शाह ने दिल्ली के मुख्य सचिव से कहा कि सभी अस्पतालों के कोरोना वायरस वार्ड में सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएं, ताकि उचित निगरानी हो सके। गृहमंत्री अमित शाह ने अधिकारियों से ये भी कहा है कि वैकल्पिक कैंटीन स्थापित की जाएं, ताकि अगर कोरोना संक्रमण निकलने पर किसी को बंद भी करना पड़े, तो भी मरीजों को बिना किसी रुकावट के खाना मिलता रहे।












Click it and Unblock the Notifications