जेल में ही रहेंगे पी चिदंबरम, अदालत ने 27 नवंबर तक बढ़ाई कस्टडी
नई दिल्ली। आईएनएक्स मीडिया मामले में अदालत ने कांग्रेस सांसद पी चिदंबरम की न्यायिक हिरासत 27 नवंबर तक के लिए बढ़ा दी है। बुधवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम की न्यायिक हिरासत पूरी हो रही थी, ऐसे में ईडी ने उन्हें अदालत में पेश किया। दिल्ली के रोज एवेन्यू कोर्ट ने बुधवार को 14 दिन के लिए उनकी न्यायिक हिरासत को बढ़ा दिया। 27 नवंबर को अब मामले की अगली सुनवाई होगी। चिदंबरम ईडी की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल में बंद हैं।

आईएनएक्स मीडिया केस से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में पी चिदंबरम को सीबीआई ने 21 अगस्त को दिल्ली स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया था। जिसके बाद से चिदंबरम जेल में हैं। अदालत ने पिछली सुनवाई पर चिदंबरम को 13 नवंबर तक के लिए ईडी की हिरासत में भेजा था। आज हिरासत की समय सीमा खत्म होने के बाद उन्हें कोर्ट के सामने पेश किया। जहां कोर्ट ने पी चिदंबरम को 14 दिन के लिए उनकी न्यायिक हिरासत बढ़ा दी।
2007 में पी चिदंबरम के वित्तमंत्री रहते हुए आईएनएक्स मीडिया ग्रुप को 305 करोड़ रुपये का विदेशी धन हासिल करने के लिए विदेशी निवेश संवर्धन बोर्ड की मंजूरी में अनियमितता बरते जाने के आरोप है। मामले में गिरफ्तार पी चिदंबरम इस समय जेल में हैं। उनके बेटे कार्ति चिदंबरम भी आरोपी हैं, वो भी मामले में जेल में रह चुके हैं और अभी जमानत पर हैं।












Click it and Unblock the Notifications