प्लेन में हुआ मियां-बीवी का झगड़ा, Lufthansa के विमान को जाना था बैंकॉक, पहुंच गया दिल्ली
विमान के अंदर पति-पत्नी ऐसे झगड़ पड़े कि स्विट्जरलैंड के म्यूनिख से बैंकॉक जा रहे एक विमान को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) पर उतारना पड़ गया।
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक लुफ्थांसा के विमान फ्लाइट नंबर एलएच772 को सुबह 10.26 बजे आईजीआई एयरपोर्ट पर उतारा गया। इससे पहले विमान के पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क करके अंदर की 'स्थिति और संभावित अनियंत्रित यात्री' के संबंध में जानकारी दी थी।

पायलट ने मांगी थी आईजीआई पर लैंड करने की अनुमित
सूत्रों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच बहस हो रही थी। जर्मन पति और उसकी थाई पत्नी आपस में झगड़ रहे थे, जिसके चलते विमान में कुछ समस्याएं खड़ी हो गईं। इसके चलते ऐसे हालात पैदा हुए कि आईजीआई पर लैंड करने की इजाजत मांगी गई, जो की दे दी गई।
महिला ने पायलट से भी की थी पति की शिकायत
एक अधिकारी के मुताबिक पहले पत्नी ने अपने पति के बर्ताव के बारे में पायलट से शिकायत की थी। उसका कहना था कि वह उसे 'धमकी' दे रहा है और उसने पायलट से हस्तक्षेप की मांग की।
विमान के लैंड करने के बाद सीआईएसएफ के लोगों ने उसके पति को फ्लाइट से उतार लिया और एक घंटे से ज्यादा देर तक रुकने के बाद वह विमान वापस बैंकॉक के लिए रवाना कर दिया गया।
'उदंड' यात्री की वजह से डायरवर्ट हुआ विमान-लुफ्थांसा
लुफ्थांसा ने एक बयान में कहा था कि विमान को एक 'उदंड' यात्री की वजह से दिल्ली डायवर्ट किया गया था। जर्मन एयरलाइन ने कहा था,'आरोपी व्यक्ति को अधिकारियों के हवाले कर दिया गया। बैंकॉक जाने वाली फ्लाइट के थोड़ी देर से अपनी यात्रा जारी रखने की उम्मीद है। विमान में हमारे यात्रियों और क्रू का बचाव और सुरक्षा हमारी सबसे पहली प्राथमिकता है।'
आरोपी ने विमान में किया था खूब हंगामा-सूत्र
सूत्रों के मुताबिक 53 वर्षीय जर्मन यात्री ने कथित तौर पर, 'खाना फेंक दिया, एक लाइटर से कंबल जलाने की कोशिश की, अपनी पत्नी पर चिल्लाया और क्रू की ओर से जारी निर्देशों का पालन नहीं किया' और इसी वजह से पायलट को विमान डायवर्ट करना पड़ा और उस यात्री को बाद में सीआईएसएफ के लोगों ने विमान से उतार लिया।
आरोपी की पत्नी उसी फ्लाइट से बैंकॉक चली गई
लेकिन, उसकी पत्नी अलग पीएनआर वाले टिकट पर सफर कर रही थी और उसने बैंकॉक तक की अपनी यात्रा जारी रखने की इच्छा जताई। उन्होंने बताया कि वो लुफ्थांसा की फ्लाइट से ही चली गई।
आरोपी के माफी मांगने पर उसे दूसरी फ्लाइट से भेजा गया
बाद में पुरुष यात्री ने अपने बर्ताव के लिए मौखिक माफी मांगी। फिर उसे लुफ्थांसा की ओर से बैंकॉक के लिए एयर इंडिया की फ्लाइट का टिकट उपलब्ध कराया गया। एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक वह करीब 3 बजे की फ्लाइट से चला गया।












Click it and Unblock the Notifications