कोरोना वायरस: ओडिशा सरकार का 10 जिलों में नाइट कर्फ्यू लगाने का ऐलान
कोरोना वायरस: ओडिशा सरकार का 10 जिलों में नाइट कर्फ्यू लगाने का ऐलान
भुवनेश्वर। ओडिशा की नवीन पटनायक सरकार ने राज्य के दस जिलों में नाइट कर्फ्यू लगाने का फैसला लिया है। कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में तेजी को देखते हुए नाइट कर्फ्यू लगाया जा रहा है। 5 अप्रैल से नाइट कर्फ्यू लागू होगा। कर्फ्यू का वक्त रात 10 बजे से लेकर सुबह 5 बजे तक रहेगा। जिन जिलों में नाइट कर्फ्यू होगा, वो हैं- सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, संबलपुर, बरगढ़, बोलंगीर, नुआपाड़ा, कालाहांडी, नवरंगपुर, कोरापुट और मलकानगिरी।

ओडिशा सरकार ने शनिवार को बताया है कि दस जिलों में सोमवार (5 अप्रैल) से रात दस से सुबह पांच बजे तक किसी भी आवाजाही की इजाजत नहीं होगी। इस दौरान सिर्फ आवश्यक सेवाओं को ही अनुमति दी जाएगी। ओडिशा के पुरी का श्रीजगन्नाथ मंदिर को इतवार को बंद रखा जाएगा। 4 अप्रैल से हर इतवार को मंदिर को सेनीटाइजेशन के लिए बंद रख जाएगा।
कोरोना के मामले बढ़ने के बाद ओडिशा सरकार ने कई तरह की पाबंदियां लगाई हैं। इससे पहले 23 मार्च से 31 मार्च तक भी मालकानगिरी जिले में में नाइट कर्फ्यू लगाया गया था। होली के दौरान भी ओडिशा में भीड़ के इकट्ठा होने पर कई तरह की रोक लगाई गई थीं।
ओडिशा में बढ़ रहे नए मामले
ओडिशा में बीते कुछ दिनों में कोरोना के नए मामलों में बढोतरी हुई है। राज्य स्वास्थ्य विभाग ने आज बताया है कि बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस के 452 नए मरीज मिले हैं। राज्य में अब तक कोरोना के कुल 3,42,224 केस मिले हैं। इस समय ओडिशा में कोरोना के 2820 एक्टिव मरीज हैं। ओडिशा सरकार की ओर से कहा गया है कि कोरोना टीकाकरण को तेजी दी जा रही है। एक दिन में 50,000 से अधिक टीके लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
देश में एक दिन में नए मामलों 90 हजार पर पहुंचे
देशभर में कोरोना वायरस के मामलों में काफी ज्यादा बढोतरी देखने को मिल रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को बताया है कि बीते 24 घंटे में इस साल के अब तक के एक दिन में सबसे ज्यादा 89,129 नए कोरोना मामले सामने आए हैं। देश में कुल कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1,23,92,260 हो गई है। वहीं कोरोना महामारी से कुल 1,64,110 लोगों की मौत हुई है। देश में एक्टिव केसों की संख्या 6,58,909 है ।












Click it and Unblock the Notifications