घटते मामलों के बीच फिर आया कोरोना का नया म्यूटेंट, WHO ने बताया- कितना खतरनाक है?
कोरोना वायरस का एक नया म्यूटेंट सामने आया है, जिसे XE नाम दिया गया है।
नई दिल्ली, 2 अप्रैल: चीन को छोड़कर, भारत सहित दुनिया के ज्यादातर देशों में कोरोना वायरस महामारी का प्रकोप अब घटने लगा है। संक्रमण के मामले तेजी से कम हो रहै हैं और कोविड प्रतिबंध भी हटाए जा रहे हैं। लेकिन, इस बीच विश्व स्वास्थ्य संगठन की नई चेतावनी ने एक बार फिर से कोरोना वायरस को लेकर टेंशन बढ़ा द ही है। दरअसल, कोरोना वायरस का एक नया म्यूटेंट सामने आया है, जिसे 'XE' नाम दिया गया है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा है कि कोरोना का ये नया म्यूटेंट, पहले से मौजूद ओमिक्रॉन के सब-वैरिएंट बीए.2 से 10 गुना ज्यादा संक्रामक है।

XE क्या है और सबसे पहले कहां मिला?
कोरोना वायरस का ये नया वैरिएंट XE, ओमिक्रॉन के दोनों वर्जन बीए.1 और बीए.2 का हाइब्रिड म्यूटेंट है। हालांकि, दुनियाभर में अभी तक इस नए म्यूटेंट के बहुत ही कम मामले सामने आए हैं। इस हफ्ते की शुरुआत में जारी की गई अपनी रिपोर्ट में विश्व स्वास्थ्य संगठन ने बताया कि 'एक्सई म्यूटेंट' का सबसे पहला मामला 19 जनवरी को यूके में मिला था और अभी तक 600 सीक्वेंस में इस नए म्यूटेंट की पुष्टि हो चुकी है।

कितना ज्यादा संक्रामक है ये नया म्यूटेंट
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने अपनी रिपोर्ट में बताया, 'शुरुआती अनुमान के आधार पर कहा जा सकता है कि ओमिक्रॉन के बीए.2 के मुकाबले ये नया म्यूटेंट 10 गुना ज्यादा संक्रामक है। हालांकि इसकी संक्रामक दर को सही तरह से समझने के लिए अभी कुछ और इंतजार व अध्ययन करना होगा। जब तक इस नए म्यूटेंट की गंभीरता और संक्रमण दर को लेकर पुख्ता और विस्तृत रिपोर्ट नहीं आती, तब तक इसे ओमिक्रॉन वैरिएंट के ही एक नए म्यूटेंट के तौर पर माना जाएगा।

अभी तक का सबसे ज्यादा संक्रामक वैरिएंट कौन रहा?
आपको बता दें कि अभी तक की जानकारी के मुताबिक, कोरोना वायरस का सबसे ज्यादा संक्रामक स्ट्रेन, ओमिक्रॉन का सब-वैरिएंट बीए.2 ही रहा है। दुनिया के अलग अलग देशों में बीए.2 ने ही बड़ी संख्या में लोगों को संक्रमित किया और हाल ही में अमेरिका में सामने आए कोरोना वायरस के नए मामलों के पीछे भी ओमिक्रॉन का यही सब-वैरिएंट जिम्मेदार रहा।
ये भी पढ़ें- कोरोना को लेकर बोलीं ICMR-NIV डायरेक्टर, अभी बेफिक्र हो जाने का वक्त नहीं आया











Click it and Unblock the Notifications