हिन्दीभाषी प्रदेशों में कोरोना वायरस, एक हफ्ते में तेजी से बढ़े हैं नए मामले
नई दिल्ली। देशभर में हाल के दिनों में कोरोना वायरस के मामलों में तेजी देखी गई है। महाराष्ट्र में कोरोना के फैलने के बाद से ही सबसे ज्यादा केस आ रहे हैं। वहीं हिन्दीभाषी प्रदेश कहे जाने वाले राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार में हाल के दिनों में कोरोना के मामलों तेजी देखने को मिल रही है। प्रवासी मजदूरों की वापसी से भी इस तेजी को जोड़कर देखा जा रहा है।

बीते एक हफ्ते में बिहार में 400 से ज्यादा नए केस आए हैं और राज्य में कुल मामलों की संख्या एक हजार के करीब पहुंच गई है। मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी बीते एक हफ्ते में 900 से ज्यादा नए मामले आए हैं। वहीं उत्तर प्रदेश में बीते एक हफ्ते में ना सिर्फ नए केस में तेजी आई है बल्कि इसे होने वाली मौतों में 40 फीसदी तेजी देखी गई है। उत्तर प्रदेश में मेरठ और आगरा कोरोना के हॉटस्पॉट बने हुए हैं।
कुल केस की बात की जाए तो राजस्थान में 4534 लोगों में संक्रमण मिला है और 125 मौतें हुई हैं। वहीं मध्य प्रदेश में 4426 केस आए हैं और 237 लोगों की मौत हुई है। उत्तर प्रदेश में इस समय कोरोना मरीजों की संख्या 3909 है और 88 लोगों की मौत हुई है। तीन सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित राज्यों की बात की जाए तो ये महाराष्ट्र, गुजरात और तमिलनाडु हैं। महाराष्ट्र में में कोविड-19 के कुल मरीज 27,524 हो गए हैं। राज्य में अब तक सबसे अधिक 1019 लोगों की जान जा चुकी है। तमिलनाडु में कोरोना वायरस के अब तक 9676 मामले हैं और 66 लोगों की मौत हो चुकी है। तमिलनाडु में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या में बीते एक हफ्ते में बहुत तेजी देखी गई है। गुजरात में इस महामारी से 9691 लोग संक्रमित हैं और अब तक 586 लोगों की मौत हुई हैं।












Click it and Unblock the Notifications