Coronavirus: दिल्ली में एक जगह जुटे 50 लोग तो होगा एक्शन, जिम-नाइट क्लब और स्पा 31 मार्च तक बंद
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी जिला अधिकारियों के साथ कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के उपायों को लेकर समीक्षा बैठक की। इस समीक्षा बैठक में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन भी मौजूद रहे। इस दौरान कई फैसले लिए, जिनके बारे में सीएम केजरीवाल ने जानकारी दी। अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के विभिन्न इलाकों में पोर्टेबल हैंडवाश स्टेशन लगवाने का निर्देश दिया।
Recommended Video

सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए 50 से अधिक की भीड़ को कहीं भी इकट्ठा होने की परमिशन नहीं दी जाएगी। सीएम केजरीवाल ने जिम, नाइट क्लब, स्पा को भी 31 मार्च तक बंद करने के आदेश दिए हैं। वहीं, थिएटर और साप्ताहिक बाजार भी 31 मार्च तक बंद रहेंगे। उन्होंने कहा कि शादी समारोह को फिलहाल इस दायरे से बाहर रखा गया है लेकिन अगर संभव हो तो शादी की तारीख आगे टाल दें।
सीएम केजरीवाल ने बताया कि कल से सभी बस डिपो पर टैक्सी और ऑटो को फ्री में डिसइन्फेक्ट किया जाएगा। दिल्ली में शॉपिंग मॉल को रोजाना डिसइन्फेक्ट किया जाएगा। जबकि मॉल और दुकानों के एंट्री गेट पर भी सैनिटाइजर उपलब्ध कराया जाएगा। सैनिटाइजर से हाथ साफ करने के बाद ही मॉल और दुकान के अंदर आने दिया जाएगा। सीएम ने कहा कि सभी डीएम और एसडीएम अपने-अपने इलाकों में 100 डिस्पेंसिंग मशीन लगवाएंगे। जबकि नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर अपने-अपने इलाकों में 300 डिस्पेंसिंग मशीन लगवाएंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली में अब तक कोरोना वायरस के 7 पॉजिटिव केस सामने आए हैं, जिनमें एक की मौत हुई है और दो लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं जबकि चार लोगों का इलाज चल रहा है। सीएम ने कहा कि जहां भी मरीजों को आइसोलेट करने की जरूरत है, वहां उनको आइसोलेट किया जा रहा है। इसके अलावा उन लोगों पर भी नजर है जिन्हें घर में ही अलग रखा गया है।












Click it and Unblock the Notifications