CoronaVirus: चीन से 324 भारतीयों को लेकर दिल्ली पहुंचा एयर इंडिया का विशेष विमान, चल रही है मेडिकल जांच
नई दिल्ली। चीन में फैले जानलेवा कोरोना वायरस के बीच फंसे भारतीयों का पहला जत्था दिल्ली पहुंच चुका है। आज सुबह दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एयर इंडिया का विमान चीन के वुहान एयरपोर्ट से पहुंचा है। इस विमान में कुल 324 भारतीय यात्री सवार थे, जो भारत पहुंचे हैं। बता दें कि वुहान, हुबेई की प्रांतीय राजधानी है, जहां पर कोरोना वायरस का संक्रमण फैला है। अभी तक चीन में इस वायरस ने 259 लोगों की जान ले ली है जबकि 10000 से अधिक लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं।

जांच जारी
चीन से भारत आए भारतीयों की जांच के लिए डॉक्टरों की एक टीम को भी तैनात किया गया है। इन तमाम भारतीयों की स्क्रीनिंग की जाएी। डॉक्टरों की एक टीम एयरपोर्ट पर इन लोगों की जांच कर रही है, बाद में अगर जरूरत पड़ी तो इन लोगों को निगरानी में रखा जाएगा। बता दें कि शुक्रवार को शाम 7 बजे एयर इंडिया का विमान वुहान पहुंचा था। इससे पहले विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कोरोना वायरस को वैश्विक स्वास्थ्य इमरजेंसी घोषित किया था, जिसके बाद दुनियाभर के देश इस वायरस से खुद के लोगों को बचाने की मुहिम में जुट गए हैं। तमाम देश चीन में फंसे अपने नागरिकों को सुरक्षित वहां से निकालने की कोशिशों में जुटे हैं।

ट्रंप सरकार ने लगाई पाबंदी
वहीं अमेरिका में ट्रंप सरकार ने चीन से आने वाले यात्रियों के अमेरिका आने पर अस्थायी रूप से पाबंदी लगा दी है। यह पाबंदी उन तमाम लोगों पर लागू होगी जिन्होंने पिछले 14 दिनों में चीन की यात्रा की है। इससे पहले शुक्रवार को अमेरिका की ओर से इस बात का भी एलान किया गया था कि कोरोना वायरस पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी है। बता दें कि चीन के वुहान में कोरोना वायरस की उत्पत्ति हुई है, जिसकी वजह से यहां से लोगों को अलग एकान्त में ले जाया जा रहा है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।

विशेष विमान गया था चीन
एयर इंडिया का विशेष विमान चीन में फंसे यात्रियों को लेने के लिए पहुंचा। शुक्रवार को एयर इंडिया का बोइंग 747 जंबो जेट मुंबई से रवाना हुआ था। इस प्लेन में स्पेशल मेडिकल किट्स हैं जिन्हें स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से मुहैया कराया गया था। वहीं चीनी राजदूत सुन विदोंग ने कहा कि इस महामारी से लड़ते हुए चीन की सरकार ने अंतरराष्ट्रीय सहयोग खुलेपन, पारदर्शी तरीके से और पूरी जिम्मेदारी से किया है।












Click it and Unblock the Notifications