दिल्ली में तीन गुना ज्यादा हुई कोरोना की टेस्टिंग, बेड्स की संख्या बढ़ाने के लिए SC में सरकार की याचिका
नई दिल्ली: देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 86 लाख के पार पहुंच गई है। इसके अलावा राजधानी दिल्ली में हालात फिर से बिगड़ रहे हैं और वहां पर मरीजों की संख्या में तेजी से बढ़ोत्तरी हो रही है। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री ने भी अब ये बात मान ली है कि दिल्ली में कोरोना की तीसरी लहर शुरू हो गई है, हालांकि उन्होंने उम्मीद जताई की जल्द हालात काबू में आ जाएंगे।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सतेंद्र जैन के मुताबिक दिल्ली में अब टेस्टिंग तीन गुना ज्यादा बढ़ गई है। इसमें कोई संदेह नहीं कि राजधानी में कोरोना की तीसरी लहर है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले कुछ दिनों में मामले गिरेंगे। जैन के मुताबिक मंगलवार को दिल्ली में 17000 RTPCR टेस्ट हुए थे। वहीं बेडों की संख्या पर उन्होंने कहा कि हमने आईसीयू बेड बढ़ाने के लिए निजी अस्पतालों को पहले ही एक आदेश जारी किया था लेकिन दिल्ली हाईकोर्ट ने उस पर रोक लगा दी। उनकी सरकार सुप्रीम कोर्ट गई है, उम्मीद है जल्द ही वहां उनके हक में फैसला आएगा।
पटाखों पर रहेगी सख्ती
दिवाली पर प्रदूषण अगर बढ़ा तो कोरोना महामारी और ज्यादा भयानक रूप ले लेगी। ऐसे में पटाखों पर सख्ती से पाबंदी लागू की जाएगी। दिल्ली पुलिस कमिश्नर एसएन श्रीवास्तव के मुताबिक प्रदूषण के मद्देनजर, पटाखों के उपयोग / बिक्री पर प्रतिबंध है। प्रत्येक इलाके में इसके लिए टीम गठित की गई है, जो निरीक्षण करेगी। साथ ही पटाखे बेचने और फोड़ने वालों पर कार्रवाई होगी। उनके मुताबिक पटाखों के लिए जो लाइसेंस जारी हुए थे उसे निलंबित कर दिया गया है। गश्ती दल के अलावा खुफिया तंत्र को भी इस संबंध में निर्देश दिए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications