'ये तिकड़म यहां नहीं चलेगी...', ठग सुकेश ने जेल में अपनी जान को बताया खतरा तो SC ने लगाई फटकार
हाईप्रोफाइल लोगों से ठगी के आरोप में जेल में बंद कॉनमैन सुकेश ने सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका लगाई थी। इस याचिका के जरिए उसने दिल्ली के मंडोली जेल से केस को शिफ्ट करने की मांग की थी। याचिका में उसने यह भी कहा था कि मंडोली जेल में उसे जान का खतरा है। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने उसकी याचिका खारिज कर दिया है। ऐसे में अब उसे मंडोली जेल में ही रहना पड़ेगा।

मामले में सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने याचिका खारिज कर दी। साथ ही कोर्ट ने कहा कि उसे इस तरह से कोई राहत नहीं दी जा सकती। जस्टिस अजय रस्तोगी की बेंच ने कहा कि क्षमा करें, इस तरह की रणनीति की अनुमति यहां पर नहीं दी जा सकती है।
आपको बता दें कि केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने कानून सचिव बनकर एक व्यापारी को करोड़ों की ठगी करने के आरोप में 7 अक्टूबर को सुकेश के खिलाफ चार्जशीट दायर की थी। सीबीआई ने 27 मई 2020 को सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज किया था, जिसके बाद से मामले में जांच चेन्नई पुलिस की एक टीम कर रही है।
सीबीआई की चार्जशीट में कहा गया है कि सुकेश ने दिल्ली निवासी संजय जैन के साथ मिलकर डिजिटल उपकरणों का इस्तेमाल कर ठगी की साजिश रची थी। सुकेश हाल ही में अभिनेत्री जैकलीन को 10 करोड़ रुपए के गिफ्ट देने की वजह से चर्चा में आया था।
कौन है कॉनमैन सुकेश चंद्रशेखर?
सुकेश चंद्रशेखर कर्नाटक के बेंगलुरु का मूल निवासी है और माना जाता है कि उसकी उम्र 30 साल के आसपास है। एक शानदार जीवन जीने की इच्छा में उसने कथित तौर पर 17 साल की उम्र में लोगों को ठगना शुरू कर दिया था। बेंगलुरु से जालसाजी शुरू करने के बाद वह चेन्नई चला गया और कुछ ही समय में उसने देश के अन्य मेट्रो शहरों में लोगों के साथ धोखाधड़ी का काम शुरू किया। सुकेश चंद्रशेखर पर विभिन्न लोगों को ठगने और तिहाड़ जेल के अंदर से 200 करोड़ रुपये का रंगदारी रैकेट चलाने का आरोप है।
ये भी पढ़ें- IRCTC Scam: कोर्ट ने तेजस्वी को फटकारा, कहा- जमानत रद्द नहीं कर रहे, लेकिन शब्दों का चयन जिम्मेदारी से कीजिए












Click it and Unblock the Notifications