Farmers Protest: अब तक 33 किसानों की मौत, कांग्रेस ने मोदी सरकार को ठहराया जिम्मेदार, पूछा- पीएम चुप क्यों?
नई दिल्ली। Farmers Protest: देश की राजधानी दिल्ली में केंद्र सरकार के कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों में से 33 की मौत हो गई है। इसे लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है और मोदी सरकार को इन किसानों की मौत का जिम्मेदार ठहराया है। साथ ही कांग्रेस ने मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर भी सवाल उठाए हैं। दिल्ली की सीमाओं पर किसानों का ये प्रदर्शन 26 नवंबर से जारी है। इन 33 किसानों की मौत का कारण बीमारी, आत्महत्या और ठंड को बताया जा रहा है। इन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए ऑल इंडिया किसान सभा ने रविवार को 'श्रद्धांजलि दिवस' भी मनाया है।

वहीं कांग्रेस प्रवक्ता शमा मोहम्म ने एक प्रेस वार्ता के दौरान कहा, 'क्यों मोदी ने एक शब्द भी नहीं कहा? क्यों हमारे प्रधानमंत्री मौन हैं? दिल्ली की सर्दी के बीच हमारे अन्नदाता अपनी पत्नी और बच्चों के साथ बैठे हैं लेकिन केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के पास उनके लिए समय नहीं है लेकिन उनके पास पश्चिम बंगाल जाने का समय है। अधिक ठंड और बीमारी के कारण 33 किसानों की मौत हो गई है। इनकी मौत के लिए मोदी सरकार जिम्मेदार है। घर के अंदर बैठने पर भी इतनी ठंड लग रही है, हमें हीटरों की जरूरत पड़ रही है, लेकिन वो अभी सड़क पर बाहर हैं। वो कहते हैं कि पीएम एक ऐसे व्यक्ति हैं जो इस देश से प्यार करते हैं, जो अपने लोगों से प्यार करते हैं, वो केवल उनके (किसान) पास जाकर, उन्हें और उनके परिवारों को सांत्वना दे सकते हैं। जरा सोचिए कि किसानों के परिवार और बच्चों पर क्या गुजर रही होगी। कहां है मोदी की सहानुभूति?'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गुरुद्वारा रकाबगंज की यात्रा को लेकर कांग्रेस नेता ने कहा, 'गुरुद्वारा और मंदिर जाना अच्छी बात है... हम सभी भारतीय धार्मिक लोग हैं और मैं 9वें सिख गुरु तेग बहादुर के सम्मान हेतु प्रधानमंत्री की यात्रा की सराहना करती हूं। लेकिन किसी धार्मिक स्थान पर जाने के बजाय, जो कि एक अच्छी चीज है, मोदी को प्रदर्शन कर रहे किसानों के पास भी जाना चाहिए और उनकी बात सुननी चाहिए। इन किसानों को न्याय दें और इन काले कानूनों को निरस्त करें। किसानों, विपक्षी दलों और अन्य हितधारकों के परामर्श के बाद नए कृषि कानूनों को फिर से लागू करें।'












Click it and Unblock the Notifications