18 साल के कांग्रेस करियर में इन महत्वपूर्ण पदों पर रहे ज्योतिरादित्य सिंधिया
भोपाल। मध्य प्रदेश में राजनीतिक उठा पटक का दौर जारी है, कांग्रेस पार्टी से नाराजगी के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है और आज वो भाजपा में शामिल हो सकते हैं, तो वहीं कांग्रेस ने उनके इस्तीफे के बाद उनपर अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया है,ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ ही उनके 22 समर्थकों ने भी इस्तीफा दे दिया है, जिसके बाद कमलनाथ सरकार खतरे में आ गई है।

सिंधिया के कदम से कांग्रेस आहत भी और नाराज भी
जहां सीएम कमलनाथ के समर्थक ज्योतिरादित्य सिंधिया को इस बात के लिए कोस रहे हैं, उन्हें गद्दार और बागी करार दे रहे हैं वहीं कांग्रेस के कई नेता सिंधिया के अप्रत्याशित खबर से आहत हैं, कांग्रेस पार्टी का कहना है कि पिछले 18 साल में पार्टी में उन्हें सब कुछ दिया गया, बावजूद इसके सिंधिया ने पाला बदल लिया, ये बेहद दुखद और शर्मनाक है।

एमपी कांग्रेस ने किया Tweet
एमपी कांग्रेस के ट्विटर हैंडल पर एक पोस्ट लिखी गई है, जिसमें ये बताया गया है कि कांग्रेस ने 18 साल में सिंधिया को क्या दिया?, इसके साथ ही एक फोटो शेयर की गई है, जिसमें टूटा हुआ TRUST दिखाया गया है।

कांग्रेस ने 18 साल में सिंधिया को क्या दिया?
- 17 साल सांसद बनाया
- 2 बार केंद्रीय मंत्री बनाया
- मुख्य सचेतक बनाया
- राष्ट्रीय महासचिव बनाया
- यूपी का प्रभारी बनाया
- कार्यसमिति सदस्य बनाया
- चुनाव अभियान प्रमुख बनाया
- 50+ टिकट, 9 मंत्री दिये
कांग्रेस ने जारी की पूरी लिस्ट
गौरतलब है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को लिखे अपने पत्र में कहा कि वह 18 वर्षों से कांग्रेस के प्राथमिक सदस्य रहे हैं, लेकिन अब राह अलग करने का वक्त आ गया है, उन्होंने सोनिया गांधी को सबकुछ जानते हुए कुछ नहीं करने आरोप लगाया है।
'अपने लक्ष्य और उद्देश्य पर अडिग हूं'
उन्होंने लिखा, 'मैं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहा हूं और जैसा कि आपको अच्छी तरह पता है कि पिछले एक साल से यह मार्ग प्रशस्त किया गया है।' आज भी मैं अपने राज्य और देश के लोगों की रक्षा करने के अपने लक्ष्य और उद्देश्य पर अडिग हूं।












Click it and Unblock the Notifications