5 राज्यों में हार के बाद बढ़ी कांग्रेस में कलह, कल फिर बैठक करेंगे जी-23 के नेता
सूत्रों के मुताबिक पार्टी के भविष्य की योजनाओं पर चर्चा के लिए कांग्रेस के जी 23 समूह के नेता कल दिल्ली में बैठक कर सकते हैं।
नई दिल्ली, 15 मार्च। विधानसभा चुनावों में मिली करारी हार कांग्रेस के गले नहीं उतर रही है। पार्टी में लगातार इस बात को लेकर मंथन चल रहा है कि सबसे पुरानी पार्टी के अस्तित्व को कैसे बचाया जाए। सूत्रों के मुताबिक पार्टी के भविष्य की योजनाओं पर चर्चा के लिए जी-23 समूह के नेता कल दिल्ली में बैठक कर सकते हैं। जी-23 के अलावा इस बैठक में कांग्रेस के अन्य नेता भी शामिल हो सकते हैं।

क्या है जी-23 समूह
G-23 नेताओं कांग्रेस पार्टी के उन नेताओं का समूह है, जिन्होंने आंतरिक सुधारों और सामूहिक नेतृत्व में बदलाव के लिए अगस्त 2020 में पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को एक पत्र लिखा था। इस समूह में गुलाम नबी आजाद, आनंद शर्मा और कपिल सिब्बल जैसे पार्टी के वरिष्ठ नेता भी शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: पीएम मोदी ने 'द कश्मीर फाइल्स' को बताया अच्छी फिल्म, बीजेपी सांसदों को इसे देखने की दी सलाह
हार के बाद कांग्रेस में शुरु हुआ आरोप-प्रत्यारोप का दौर
यह बैठक कल शाम 7 बजे हो सकती है। हालांकि यह बैठक कहां होगी फिलहाल इस बारे में कुछ सुनिश्चित नहीं हुआ है। सूत्रों के मुताबिक यह एक हाइब्रिड मोड मीटिंग होगी जिसमें कई नेता वर्चुअल रूप से इसमें शामिल होंगे। विधानसभा चुनावों में करारी हार के बाद, जी-23 नेताओं के समूह ने शुक्रवार को वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद के दिल्ली आवास पर पार्टी के लिए चुनावी हार के नवीनतम दौर पर चर्चा करने के लिए मुलाकात की थी। पांच राज्यों में मिली करारी हार के बाद कांग्रेस के अंदर आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। हर कोई इस हार का ठीकरा एक-दूसरे पर फोड़ने में लग गया है।
अब और इस तरह नहीं चल सकता
सूत्रों की मानें तो पार्टी अपनी स्थिति को मजबूत करने के लिए अब ठोस कदम उठाना चाहती है। गुलाम नबी आजाद के आवास पर हुई जी-23 की बैठक के बाद इस समूह ने कहा था कि अब और इस तरह नहीं चल सकता और कोई न कोई ठोस कदम आवश्य उठाना ही होगा।












Click it and Unblock the Notifications