चंद घंटे पहले भाजपा छोड़ कांग्रेस का दामन थामने वाले अशोक दोहरे को इटावा से टिकट
नई दिल्ली। कांग्रेस ने आगामी लोकसभा चुनावों के लिए 5 उम्मीदवारों (4 असम और 1 उत्तर प्रदेश) की एक और सूची जारी की है। चंद घंटों पहले कांग्रेस की सदस्यता लेने वाले अशोक दोहरे को पार्टी ने उत्तर प्रदेश की इटावा संसदीय क्षेत्र (सुरक्षित) से टिकट दिया है। इटावा संसदीय क्षेत्र से भाजपा के सांसद अशोक दोहरे शुक्रवार को कांग्रेस में शामिल हो गए थे। बीजेपी ने अशोक दोहरे का टिकट काटकर रामशंकर कठेरिया को इटावा सीट से टिकट दे दिया था।

टिकट कटने से नाराज चल रहे अशोक दोहरे ने शुक्रवार को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। दोहरे राहुल गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हुए। कांग्रेस ने इटावा सीट के अलावा असम की चार सीटों पर भी उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है। इसके पहले आज कांग्रेस ने 12 उम्मीदवारों की एक और सूची जारी की थी जिसमें पार्टी ने उत्तर प्रदेश की महाराजगंज सीट पर उम्मीदवार बदला था।
महाराजगंज से तनुश्री त्रिपाठी को टिकट दिया गया था लेकिन 24 घंटे से कम समय में ही उनकी जगह सुप्रिया श्रीनाते को पार्टी ने उम्मीदवार घोषित कर दिया। मधुमिता हत्याकांड में सजा काट रहे अमरमणि त्रिपाठी की बड़ी बेटी तनुश्री त्रिपाठी को टिकट देने के कारण विवाद बढ़ने लगा था। माना जा रहा है इस वजह से ही पार्टी ने 24 घंटे से कम वक्त में ही महराजगंज सीट पर उम्मीदवार बदल दिया।
12 उम्मीदवारों की इस लिस्ट में 4 नाम बिहार से भी हैं। बिहार की चार सीटों पर कांग्रेस ने भी आज उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस ने सुपौल सीट से रंजीत रंजन, समस्तीपुर से अशोक कुमार, मुंगेर से नीलम देवी और सासाराम सीट से लोकसभा की पूर्व स्पीकर मीरा कुमार को टिकट दिया है।












Click it and Unblock the Notifications