राहुल ने पीएम मोदी पर कसा तंज, कहा-जब भी विदेश दौरे पर जाएं, नीरव मोदी को वापस लेते आएं
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पीएनबी घोटाले को लेकर बड़ा हमला किया है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मेघालय में एक चुनावी रैली में केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस बार वह जब भी विदेश दौरे पर जाएं, जैसा कि वह अक्सर जाते रहते हैं, स्वदेश लौटते समय भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी को भी साथ लेते आएं। राहुल गांधी पूर्वोत्तर राज्य में प्रचार के लिए दो दिवसीय दौरे पर हैं।

राहुल गांधी ने कहा कि, अपनी मेहनत की कमाई को वापस पाकर एक देश के तौर पर हम बहुत आभारी होंगे। इतना ही नहीं राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री और नीरव के बीच एक तुलना भी की। उन्होंने कहा, 'नीरव मोदी हीरे बेचते हैं, जिसे वह सपने की वस्तु बताते हैं। वास्तव में, इसे कह सकते हैं कि उसने कई लोगों को सपने बेचे, जिसमें सरकार भी शामिल है, जो तब चैन की नींद ले रही थी, जब (नीरव) मोदी जनता की मेहनत की कमाई लेकर भाग गया।'
राहुल गांधी ने कहा कि, 'कुछ साल पहले दूसरे (प्रधानमंत्री) मोदी ने भी भारत की जनता को सपने बेचे थे। सपने जो अच्छे दिन के थे, सभी के खाते में 15 लाख रुपए देने के, दो करोड़ नौकरियां देने के, और भी कई सारे सपने।' लेकिन कुछ भी सच साबित नहीं हुआ। उन्होंने सिर्फ बड़े-बड़े वादे किए और कुछ नहीं।
राहुल गांधी ने कहा कि, 'इस सरकार के कार्यकाल के समाप्त होने के साथ ही यह स्पष्ट हो चुका है कि आशा, सुरक्षा और आर्थिक वृद्धि देने के बजाए उन्होंने हमें केवल निराशा, बेरोजगारी, भय, नफरत और हिंसा ही दी है।' उन्होंने कहा, 'विजय माल्या और नीरव मोदी घोटाले से हमें यह पता चल चुका है कि यह सरकार भ्रष्टाचार को नहीं हटा सकती, बल्कि उसमें सक्रिय भागीदारी भी निभाती है।'












Click it and Unblock the Notifications