2019 के लिए मोर्चाबंदी की तैयारी, एम्स में लालू यादव से मिले राहुल गांधी
2019 के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा के खिलाफ मजबूत विपक्ष तैयार करने की कोशिश में जुटे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को एम्स जाकर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की।
Recommended Video

नई दिल्ली। 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा के खिलाफ मजबूत विपक्ष तैयार करने की कोशिश में जुटे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को एम्स जाकर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की। लालू यादव का हालचाल लेने पहुंचे राहुल गांधी ने काफी देर तक उनसे अलग-अलग मुद्दों पर बातचीत की। हालांकि दोनों के बीच क्या बातचीत हुई, इसे लेकर कुछ नहीं बताया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि मुलाकात में दोनों नेताओं ने सियासी माहौल पर चर्चा की।

इससे पहले रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली के रामलीला मैदान में जन आक्रोश रैली आयोजित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला बोला। राहुल ने कहा, 'कर्नाटक, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान में कांग्रेस पार्टी जीतेगी, 2019 में कांग्रेस पार्टी जीतेगी क्योंकि कांग्रेस पार्टी का कार्यकर्ता शेर का बच्चा है।' माना जा रहा है कि 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले राहुल गांधी एक मजबूत विपक्ष तैयार करने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते।
गौरतलब है कि हाल ही में चारा घोटाला से जुड़े चौथे मामले में आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद को 14 साल की सजा सुनाई गई थी। इसके साथ ही उनपर 60 लाख का जुर्माना भी लगाया गया। लालू को दो अलग-अलग धाराओं में ये सजा सुनाई गई थी। कोर्ट ने लालू यादव को आपराधिक षड्यन्त्र, गबन, फर्जीवाड़ा, साक्ष्य छिपाने, पद के दुरुपयोग आदि से जुड़ी भारतीय दंड संहिता की धाराओं 120बी, 409, 420, 467, 468, 471, 477ए के साथ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत दोषी पाया था।












Click it and Unblock the Notifications