'लाल किला, ताज महल भी मुसलमानों ने बनवाए, उन्हें भी तुड़वाएंगे?', खड़गे का मोदी-शाह पर हमला
Congress President Mallikarjun Kharge: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी देश की मस्जिदों में सर्वे कराकर समाज को बांटने की कोशिश कर रही है। खड़गे ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने देश की एकता को तोड़ने का काम किया है। उन्होंने कहा, "क्या हम अब लाल किला, ताज महल, और चार मीनार जैसे ऐतिहासिक स्थलों को भी तोड़ देंगे, जो मुसलमानों ने बनवाए थे?"
दिल्ली में रविवार को संविधान को लेकर आयोजित एक महारैली में खड़गे ने बीजेपी के रुख पर आलोचना की और कहा कि वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत की भी नहीं सुनते। खड़गे ने कहा, "मोदी-शाह तो अपने लीडर मोहन भागवत जी की बात भी नहीं मानते, कल ये सब तुड़वाकर उसके नीचे कुछ और ढूंढेंगे।"

उन्होंने आगे कहा कि बीजेपी के लोग मस्जिदों के नीचे मंदिर खोजने की बात कर रहे हैं, जबकि RSS के नेता मोहन भागवत ने 2023 में स्पष्ट रूप से कहा था कि "हमारा उद्देश्य राम मंदिर निर्माण है, और हर मस्जिद के नीचे शिवालय नहीं ढूंढना चाहिए।" खड़गे ने प्रधानमंत्री मोदी पर आरोप लगाया कि वे इस तरह के सर्वेक्षणों को बढ़ावा दे रहे हैं, जिससे समाज में विभाजन बढ़ रहा है।
जहां पहले मंदिर था, अब मस्जिद है। मस्जिद के नीचे मंदिर है
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बीजेपी के तर्कों पर सवाल उठाते हुए कहा, "भाजपा का कहना है कि जहां पहले मंदिर था, अब मस्जिद है। मस्जिद के नीचे मंदिर है। लेकिन मोहन भागवत ने 2022 में कहा था कि हर मस्जिद में शिवालय ढूंढ़ने का काम न करें। फिर भी बीजेपी ऐसा कर रही है।"
उन्होंने कहा, "1991 में धार्मिक स्थलों की यथास्थिति बनाए रखने के लिए एक कानून बनाया गया था, लेकिन बीजेपी उस कानून का भी पालन नहीं कर रही है।" खड़गे ने यह भी कहा कि अगर बीजेपी इस तरह के कदम उठाती रही, तो देश को तोड़ने का खतरा होगा।
मैं भी हिंदू हूं, लेकिन मैं सेक्यूलर हूं
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, "मैं भी हिंदू हूं, लेकिन मैं सेक्यूलर हूं और चाहता हूं कि हम सब एक होकर चलें। हम सब मिलकर न्याय के लिए लड़ेंगे और इस देश को टूटने नहीं देंगे।"
यह भी पढ़ें झारखंड में भाजपा क्यों हारी? उम्मीदवारों ने समीक्षा बैठक में गिनाये 5 मुख्य कारण












Click it and Unblock the Notifications