रिजल्ट आने से पहले सरकार बनाने की तैयारियां, राहुल ने एमपी-छग के नेताओं को दिल्ली बुलाया
Recommended Video

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग खत्म हो जाने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राज्य में पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओ को दिल्ली बुलाया है। कहा जा रहा है कि इन नेताओं के साथ राहुल गांधी संभावित परिदृश्य पर चर्चा करेंगे और आगे की रणनीति पर विचार विमर्श करेंगे। वहीं कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया, दिग्विजय सिंह के अलावा कुछ और सीनियर नेता राज्य में मतदान और आगे की स्थितियों के बारे में जानकारी देने के लिए दिल्ली पहुंचे हुए हैं।

115 सीट जीतने का आकलन
सूत्रों की माने तको राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश और छ्त्तीसगढ़ के नेताओं को उनके चुनावी आकलन के साथ बुलावा भेजा था। इसके पीछे बताया ये जा रहा है कि कांग्रेस मतगणना से पहले ही अभी से रणनीति तैयार करना चाहती है। कांग्रेस हाइकमान का आकलन है कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस को 115 के आसपास सीटें मिल सकती हैं।

अभी से सरकार बनाने में जुट गई है कांग्रेस
सूत्रों का कहना है कि पार्टी के वॉर रूम की ओर से आए निष्कर्ष में ये बात सामने आई है कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस को 115 सीटें मिल सकती है। पार्टी को आशंका को है कि इसमें थोड़ी बहुत कमी रही तो बहुमत के लिए अभी से तैयारी की जानी चाहिए। क्योंकि पार्टी यहां पर गुजरात जैसी स्थिति नहीं बनने देना चाहती है। क्योंकि गुजरात चुनाव में भी कांग्रेस बहुमत के करीब पहुंचकर रह गई थी। इसलिए मध्य प्रदेश में सारे इंतजाम करने के लिए पार्टी अभी से तैयारी में जुड़ी हुई है।

रिकॉर्ड मतदान से उम्मीद बढ़ी
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2018 के चुनाव के लिए इस बार रिकॉर्ड वोटिंग दर्ज हुई है। 28 नवंबर को हुई वोटिंग में 74.6 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ था। जो कि मध्य प्रदेश के अब तक के इतिहास में सबसे ज्यादा वोटिंग का रिकॉर्ड है। रिकॉर्ड वोटिंग के बाद राज्य में कांग्रेस के लिए नई उम्मीद जग गई है। कांग्रेस को लग रहा है कि रिकॉर्ड वोटिंग का फायदा उनको मिल सकता है। लेकिन सच्चाई तो अब मतगणना के बाद ही सामने आएगी। लेकिन कांग्रेस अभी से तैयारी में जुटी हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications