लोकसभा चुनाव में चंदे के सहारे कांग्रेस, शुरू करेगी क्राउड फंडिंग के लिए 'डोनेट फॉर देश' कैंपेन
Congress Crowdfunding: लगातार दो बार लोकसभा चुनाव में हार का सामना करने वाली देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस अब आने वाले आम चुनावों 2024 (Lok Sabha Election 2024) से पहले आर्थिक स्थिति को सुधारने के लिए ऑनलाइन चंदा इकट्ठा करने के लिए एक अभियान शुरू करने जा रही है।
कांग्रेस ने ऑनलाइन क्राउडफंडिंग जुटाने के लिए 'डोनेट फॉर देश' नाम से नया कैंपेन शुरू करने का फैसला किया है, जिसकी जानकारी राजधानी दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल और अजय माकन ने दी।

बताया गया है 28 दिसंबर को अपने 138वें स्थापना दिवस से पहले कांग्रेस इस अभियान के जरिए लोगों से 138 रुपए, 1,380 रुपए, 13,800 रुपए या फिर इससे 10 गुने की राशि चंदे के रूप में देने की अपील करेगी।
महात्मा गांधी की इस पहल से प्रेरित अभियान
कांग्रेस ने शनिवार को घोषणा करते हुए बताया कि पार्टी 18 दिसंबर को एक ऑनलाइन क्राउडफंडिंग अभियान - 'डोनेट फॉर देश' शुरू करेगी। पार्टी के मुताबिक यह पहल 1920-21 में महात्मा गांधी के ऐतिहासिक तिलक स्वराज कोष' से प्रेरित है।
एआईसीसी कोषाध्यक्ष अजय माकन ने कहा कि 'डोनेट फॉर देश' पहल एक व्यापक अभियान है, जिसके तहत "कैंपेन की एक सीरीज" चलाई जाएगी। इनमें से एक पहल के तहत, पार्टी कांग्रेस की 138वीं वर्षगांठ मनाने के लिए 138 के गुणकों में दान को प्रोत्साहित कर रही है।
इस दौरान एआईसीसी के महासचिव वेणुगोपाल ने कहा, "यह पहल 1920-21 में महात्मा गांधी के ऐतिहासिक 'तिलक स्वराज कोष' से प्रेरित है और इसका उद्देश्य समान संसाधन वितरण और अवसरों से समृद्ध भारत बनाने में हमारी पार्टी को सशक्त बनाना है।"
अजय माकन ने कहा, "कांग्रेस के 138 साल पूरे होने पर हम देशवासियों से अनुरोध करते हैं कि वे कांग्रेस को मजबूत करने के लिए कांग्रेस के खाते में ₹138, ₹1,380, ₹13,800 जैसी राशि जमा करें, ताकि कांग्रेस बेहतर भारत के लिए काम कर सके।"
18 दिसंबर को अभियान होगा लॉन्च
माकन ने कहा कि अभियान आधिकारिक तौर पर 18 दिसंबर को नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा शुरू किया जाएगा और ऑनलाइन दान लिंक उसी समय लाइव हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि दान के लिए दो चैनल बनाए गए हैं एक समर्पित ऑनलाइन पोर्टल (www.donateinc.in) और आधिकारिक INC वेबसाइट (www.inc.in)। कांग्रेस नेताओं के अनुसार यह अभियान मुख्य रूप से पार्टी के स्थापना दिवस 28 दिसंबर तक ऑनलाइन रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications