सांसद शक्तिसिंह के भतीजे ने पहले पत्नी को मारी गोली, फिर खुद की ली जान, 2 महीने की शादी में आखिर ऐसा क्या हुआ?
Congress MP Shaktisinh Gohil Nephew wife Death Case: गुजरात से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने न सिर्फ एक परिवार बल्कि पूरे राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों को झकझोर कर रख दिया है। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद शक्तिसिंह गोहिल के भतीजे और गुजरात मैरीटाइम बोर्ड में अधिकारी यशराज सिंह गोहिल ने पहले अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। हैरानी की बात यह है कि यशराज की शादी महज दो महीने पहले ही हुई थी।
21 जनवरी की रात क्या हुआ? पुलिस की शुरुआती जानकारी
पुलिस के मुताबिक यह घटना बुधवार (21 जनवरी) देर रात अहमदाबाद के वस्त्रापुर इलाके में एनआरआई टावर स्थित फ्लैट में हुई। बताया जा रहा है कि यशराज और उनकी पत्नी राजेश्वरी किसी रिश्तेदार के घर डिनर करके लौटे थे। घर लौटने के बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते गंभीर झगड़े में बदल गई।

झगड़े के दौरान यशराज ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से पत्नी को गोली मार दी। इसके तुरंत बाद उसने खुद ही 108 एंबुलेंस सेवा पर कॉल कर मदद मांगी। जब डॉक्टर मौके पर पहुंचे और राजेश्वरी को मृत घोषित किया गया, तो यशराज ने उसी रिवॉल्वर से खुद को भी गोली मार ली।
घर में मौजूद थीं मां, लेकिन भनक तक नहीं लगी
घटना के वक्त यशराज की मां फ्लैट के दूसरे कमरे में थीं। उन्हें इस भयावह वारदात की जानकारी तब हुई, जब एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल हत्या और आत्महत्या के पीछे की असल वजह साफ नहीं हो सकी है।
कौन थे यशराज सिंह गोहिल?
यशराज सिंह गोहिल गुजरात मैरीटाइम बोर्ड में अधिकारी के पद पर तैनात थे। कुछ ही समय पहले उन्हें क्लास-2 से क्लास-1 अधिकारी के तौर पर प्रमोशन मिला था। परिवार और जानकारों के मुताबिक यशराज को रिवॉल्वर रखने का शौक था और जिस हथियार से यह वारदात हुई, वह लाइसेंसी था।
कांग्रेस प्रवक्ता मनीष दोशी ने भी इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि यशराज एक होनहार युवक थे और हाल ही में विभागीय परीक्षा पास कर बेहतर पद पर पहुंचे थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि हालात इस हद तक बिगड़ जाएंगे।
कांग्रेस प्रवक्ता मनीष दोशी ने कहा,
"कांग्रेस नेता शक्तिसिंह के परिवार में दुखद घटना है। भतीजा और उसकी पत्नी का निधन हुआ है। यह दुखद घटना है। कल रात दोनों पति-पत्नी एक रिश्तेदार के घर डिनर पर गए थे। खुशी के साथ लौटे थे। थोड़े दिन पहले ही विभाग की परीक्षा देकर उन्हें मैरिटाइम बोर्ड में भर्ती मिली थी। वह बहुत होनहार नौजवान थे। उन्हें रिवॉल्वर रखने का शौक था। उसी रिवॉल्वर से घटना हुई। गोली पत्नी को लग गई, उसने तुरंत 108 पर सूचना दी और एंबुलेंस टीम को ऊपर लाया। जब डॉक्टर्स ने पत्नी को मृत घोषित कर दिया तो यशराज ने भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली।"
पुलिस जांच में क्या-क्या सामने आया?
वस्त्रापुर पुलिस और क्राइम ब्रांच इस पूरे मामले की जांच कर रही हैं। घटना के बाद एनआरआई टावर को सील कर दिया गया है और फ्लैट में रहने वालों के अलावा किसी को अंदर जाने की इजाजत नहीं दी जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दंपति के बीच झगड़े की असली वजह क्या थी और क्या इससे पहले भी दोनों के बीच कोई तनाव था।
कौन हैं शक्तिसिंह गोहिल, जिनके परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
शक्तिसिंह गोहिल गुजरात की राजनीति का जाना-पहचाना चेहरा हैं। वे लिम्दा रियासत के शाही परिवार से आते हैं और कई बार विधायक रह चुके हैं। 32 साल की उम्र में मंत्री बनने वाले वे गुजरात के सबसे युवा मंत्रियों में गिने जाते हैं। 2020 में वे राज्यसभा सांसद बने। आज वही परिवार एक ऐसी त्रासदी से गुजर रहा है, जिसने खुशहाल शुरुआत करने वाले एक नवविवाहित जोड़े की जिंदगी हमेशा के लिए खत्म कर दी।
दो महीने की शादी में ऐसा क्या हुआ कि बात हत्या और आत्महत्या तक पहुंच गई? क्या यह सिर्फ एक झगड़ा था या इसके पीछे कोई गहरी मानसिक या पारिवारिक वजह छिपी है? इन सवालों के जवाब अब पुलिस जांच के बाद ही सामने आ पाएंगे।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications