महुआ मोइत्रा के खिलाफ वोट करने वाली कांग्रेस सांसद कौन हैं? पार्टी से लिया पति के अपमान का बदला
टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ कैश फॉर क्वेरी मामले में एथिक्स कमेटी की रिपोर्ट के पक्ष में वोट देने के लिए बीजेपी ने कांग्रेस सांसद परनीत कौर की तारीफ की है और उन्हें थैंक्यू कहा है।
एथिक्स कमेटी में शामिल बीजेपी की एक सदस्य अपराजिता सारंगी ने महुआ मोइत्रा के खिलाफ रिपोर्ट को लेकर कहा है कि 'परनीत कौर (कांग्रेस सांसद) ने सच्चाई का साथ दिया है। इसके लिए मैंने उन्हें धन्यवाद दिया है। सही सोच रखने वाला कोई भी व्यक्ति महुआ मोइत्रा का समर्थन नहीं करेगा।'

कांग्रेस सांसद ने महुआ के खिलाफ किया वोट
एथिक्स कमेटी के अध्यक्ष विनोद कुमार सोनकर के मुताबिक समिति के 6 सदस्यों ने रिपोर्ट को स्वीकार करने के पक्ष में और 4 ने इसके विरोध में मतदान किया है। उन्होंने कहा कि वे इस रिपोर्ट को आगे की कार्रवाई के लिए लोकसभा स्पीकर को भेजेंगे।
मतलब अगर समिति में रिपोर्ट के पक्ष और विपक्ष में 5-5 वोट पड़ते तो इसकी सिफारिशों पर मुहर लगाने में दिक्कत हो सकती थी। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि इनमें समिति के अध्यक्ष सोनकर का भी वोट शामिल है या नहीं।
परनीत कौर कौन हैं?
परनीत कौर पंजाब की पटियाला लोकसभा सीट से कांग्रेस सांसद हैं। वह कांग्रेस के पूर्व दिग्गज नेता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी हैं। हालांकि, 2023 के फरवरी में कांग्रेस ने उन्हें पार्टी-विरोधी गतिविधियो के आरोपों में निलंबित कर दिया था। साथ ही कांग्रेस ने उनसे पूछा था कि क्यों नहीं उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया जाना चाहिए।
कांग्रेस ने उनके खिलाफ यह रुख पंजाब कांग्रेस के प्रमुख अमरिंदर राजा वारिंग की उस शिकायत के बाद अपनाया था, जिसमें उन्होंने परनीत पर पंजाब में बीजेपी की मदद करने का आरोप लगाया था।
2021 में पंजाब के मुख्यमंत्री पद से अपने पति कैप्टन अमिरंदर सिंह को हटाए जाने के बाद से ही वह पार्टी की गतिविधियों से दूर रहती आई हैं। उन्होंने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से भी मुंह फेर लिया था।
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस पर लगाया था अपमान का आरोप
पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस ने न सिर्फ कैप्टन को सीएम पद से हटा दिया था, बल्कि उनके आरोपों के मुताबिक उनकी घोर उपेक्षा भी शुरू कर दी गई थी। तब अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस छोड़ने की बात कहते हुए कहा था कि वह इस तरह का अपमान नहीं सकेंगे और जिस तरह से मेरे साथ सलूक किया गया है वह ठीक नहीं है।
इसके बाद अमरिंदर सिंह ने खुद अपनी पार्टी बनाकर पंजाब विधानसभा का चुनाव लड़ा था। लेकिन, तब उनकी पार्टी को सफलता नहीं मिली थी। कांग्रेस भी राज्य में उनके बगैर बुरी तरह हार गई।
बाद में उन्होंने अपनी पार्टी का बीजेपी में विलय कर दिया। महुआ मोइत्रा टीएमसी सांसद हैं और इंडिया ब्लॉक यह पार्टी कांग्रेस की सहयोगी है। ऐसे में उनके खिलाफ वोट देकर परनीत ने एक तरह से अपने पति के साथ हुए बर्ताव का सियासी बदला ले लिया है।












Click it and Unblock the Notifications