'BJP शासित कर्नाटक में सरकारी नौकरी पाने के लिए महिलाओं को किसी के साथ सोना पड़ता है', कांग्रेस का दावा
'BJP शासित कर्नाटक में सरकारी नौकरी पाने के लिए महिलाओं को किसी के साथ सोना पड़ता है', कांग्रेस का दावा
कलबुर्गी (कर्नाटक), 13 अगस्त: कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता और विधायक प्रियांक खड़गे ने शुक्रवार को भाजपा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाया है। कांग्रेस नेता प्रियांक खड़गे ने कहा कि ''राज्य में सरकारी नौकरी पाने के लिए पुरुषों को रिश्वत देनी पड़ती है, वहीं महिलाओं को किसी के साथ सोना पड़ता है।'' खड़गे ने भर्ती घोटालों की न्यायिक जांच या विशेष जांच दल (एसआईटी) से जांच कराने की मांग की और सरकार से फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने की मांग की है।

विभिन्न पदों पर भर्ती में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार में भाजपा की संलिप्तता पर सवाल उठाते हुए विधायक प्रियांक खड़गे ने कहा, "सरकार ने पदों को बेचने का फैसला किया है। अगर युवा महिलाएं सरकारी नौकरी चाहती हैं, तो उन्हें किसी के साथ सोना पड़ता है। वहीं पुरुषों को सरकारी नौकरियों के लिए रिश्वत देनी पड़ती है। एक मंत्री ने युवती को नौकरी के लिए अपने साथ सोने के लिए कहा था। घोटाला सामने आने के बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया और यह मेरे कही हुई बातों का प्रमाण है।"
उन्होंने कहा कि कर्नाटक पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (केपीटीसीएल) ने असिस्टेंट इंजीनियर, जूनियर इंजीनियर और सिविल इंजीनियर सहित कुल 1,492 पदों पर भर्ती की है।
कांग्रेस नेता प्रियांक खड़गे ने आगे कहा, "ब्लूटूथ का उपयोग कर परीक्षा लिखने वाले एक उम्मीदवार को गोकक में गिरफ्तार किया गया था। मेरे पास जानकारी के अनुसार, यह संभव है कि कुल 600 पदों के लिए सौदा किया गया हो। ऐसा संदेह है कि उन्हें असिस्टेंट इंजीनियर के पद के लिए 50 लाख रुपये रिश्वत मिले हैं। जूनियर इंजीनियर के पद के लिए 30 लाख रुपये दिए गए हैं। संभावना है कि अकेले इस भर्ती में 300 करोड़ रुपये का गबन हुआ है।''
कांग्रेस विधायक ने कहा, "हर भर्ती परीक्षा में अनियमितता होने पर गरीब और प्रतिभाशाली छात्र कहां जाएं? अपराधियों और बिचौलियों को पता है कि कोई घोटाला सामने आने पर भी उनका कुछ नहीं होगा। सरकार लगभग 3 लाख छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। जिन्होंने केपीटीसीएल के पदों के लिए आवेदन किया है।''












Click it and Unblock the Notifications