Congress Manifesto: भाजपा को टक्कर देने के लिए कांग्रेस ने घोषणा पत्र में हर वर्ग की तकदीर बदलने का किया वादा
Congress Manifesto: लोकसभा चुनाव 2024 से पहले कांग्रेस पार्टी ने 5अप्रैल को अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। कांग्रेस पार्टी के नेता पी चिदंबरम की अध्यक्षता में गठित समिति ने ये घोषणा पत्र तैयार किया है। कांग्रेस ने अपने इस घोषणापत्र को 'न्याय पत्र' नाम दिया है।

लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी को काउंटर करने के लिए इस घोषणा पत्र के जरिए हर वर्ग से वादे करते हुए उनकी तकदीर बदलने का वादा कर डाला है। इसके साथ ही मोदी सरकार द्वारा शुरू की गई कई योजनाओं और केंद्र सरकार द्वारा लिए गए अहम फैसलों को खत्म करने का वादा भी कांग्रेस ने इस घोषणा पत्र के जरिए कर डाला है।
कांग्रेस ने घोषणा पत्र में बेरोजगारी, महिलाओं, किसानों और गरीबों के साथ हर वर्ग से लोक-लुभावने के वादे के साथ सामाजिक आर्थिक जाति जनगणना का वादा किया गया है
कांग्रेस के पांच न्याय
कांग्रेस ने जिन पांच स्तंभों का जिक्र करते हुए पांच गारंटियों की बात की है उसमें युवा न्याय, किसान न्याय, नारी न्याय, श्रमिक न्याय और हिस्सेदारी न्याय शामिल है। इन्हीं पांच स्तंभों से कांग्रेस की चुनावी 25 गारंटियां जुडी़ हुई हैं।
युवाओं और गरीबों पर फोकस
कांग्रेस जो हमेशा से भाजपा को बेरोजगारी के मुद्दे पर घेरती आई है उसने युवा न्याय की बात करते हुए वादा किया है कि कांग्रेस की सरकार आने पर केंद्र सरकार में 30 लाख सरकारी नौकरियां देगी और शहरी रोजगार योजना लाएगी।
श्रमिक वर्ग की न्यूनतम मजदूरी
इसके साथ ही युवाओं को एक साल के लिए ट्रेनिंग प्रोग्राम के तहत एक लाख रुपये देने का वादा कर उन्हें आर्थिक लाभ पहुंचाने का प्रलोभन भी दिया है। इसके अलावा गरीब मजदूर वर्ग को न्यूनतम मजदूरी 400 रुपये करने का वादा किया है।
महिलाओं को आर्थिक लाभ
महिलाओं को लुभाने के लिए कांग्रेस ने नारी न्याय की बात करते हुए गरीब परिवार की महिलाओं को 'महालक्ष्मी' गारंटी योजना के तहत एक लाख रुपये सलाना देने का वादा किया है। याद रहे कांग्रेस महिलाओं को लेकर ये प्रयोग कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कर चुकी है। पांच गारंटियों में महिलाओं को हर महीने दो हजार रुपये गृहलक्ष्मी योजना शुरू करने का वादा करके कांग्रेस भाजपा को सत्ता से बेदखल करने में कामयाब हुई थी। हालांकि इसके बाद छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में भाजपा ने भी ये ही प्रयोग किया और महतारी वंदन योजना का मास्टर स्ट्रोक चला था, जिसने छत्तीगढ़ में भाजपा की जीत में अहम रोल निभाया था।
वरिष्ठ नागरिकों, विधवाओं और विकलांग व्यक्तियों से किया ये वादा
कांग्रेस ने वरिष्ठ नागरकिों, विधवाओं और विकलांग जनों को भी लुभाने का प्रयास किया। कांगेस ने राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत वरिष्ठ नागरिकों, विधवाओं और विकलांग व्यक्तियों के लिए पेंशन में केंद्र सरकार का योगदान 200 रुपये से 500 रुपये प्रति माह है। कांग्रेस ने वादा किया है कि उनकी पार्टी सरकार में आने के बाद इस राशि को बढ़ाकर 1,000 रुपये प्रति माह करेगी
जाति जनगणना
कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में वादा किया है कि अगर उनकी पार्टी में सत्ता में आती है, तो कांग्रेस जातियों और उप-जातियों और उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थितियों की पहचान करने के लिए देशव्यापी जाति जनगणना कराएगी। कांग्रेस ने कहा कि आंकड़ों के आधार पर वह उन जातियों के लिए एजेंडे को मजबूत करेगी, जिन्हें सकारात्मक कार्रवाई की जरूरत है।
एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग से वादा
कांग्रेस ने आरक्षण की अधिकतम सीमा को बढ़ा कर 50 प्रतिशत से अधिक करने का वादा किया है। कांग्रेस ने यह भी कहा है कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को मिलने वाले 10 प्रतिशत आरक्षण को वह सभी वर्गों के गरीबों के लिए बिना भेदभाव के लागू करेगी। कांग्रेस ने वादा किया कि एससी, एसटी और ओबीसी के लिए आरक्षण पर 50 प्रतिशत की सीमा बढ़ाने के लिए संवैधानिक संशोधन पारित किया जाएगा।
मोदी सरकार के इस ऐतिहासिक फैसले को खत्म करने का वादा
इसके अलावा कांग्रेस ने जम्मू-कश्मीर को तुरंत पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने का वादा किया है। याद रहे मोदी सरकार ने 5 अगस्त 2019 को जम्मू कश्मीर पर लागू होने वाला भारतीय संविधान का अनुच्छेद 370 हटा दिया था, याद रहे इस अनुच्छेद के जरिए जम्मू और कश्मीर को विशेष दर्जा प्राप्त था। कांग्रेस ने मोदी सरकार के इस फैसले का विरोध भी किया था।
अग्निपथ योजना को खत्म करने का वादा
कांग्रेस ने भाजपा सरकार द्वारा लागू की गई नई शिक्षा नीति को लेकर कहा कि राज्य सरकारों के साथ परामर्श करेगी और इसमें संशोधन करेगी। इसके अलावा मोदी सरकार द्वारा लागू की गई अग्निपथ योजना को खत्म करने और सशस्त्र बलों को पूर्ण स्वीकृत ताकत हासिल करने के लिए सामान्य भर्ती फिर से शुरू करने का वादा किया है।












Click it and Unblock the Notifications