राहुल गांधी को बंगले की चिंता नहीं, लोकतंत्र बचाने के लिए 19 पार्टियों का समर्थन: कांग्रेस
Congress Shanti March: कांग्रेस पार्टी ने राहुल गांधी और अडानी के मामले में सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसी के तहत शाम को 'लोकतंत्र बचाओ मशाल शांति मार्च' निकाला जाएगा।

Congress Protest: राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द होने के बाद उनका आवास भी खाली कराया जा रहा है। राहुल गांधी और अडानी मुद्दे पर विपक्षी दल कांग्रेस केंद्र सरकार पर हमलावर है। सोमवार को संसद से लेकर देशभर में कांग्रेसियों ने काले कपड़े पहनकर प्रदर्शन किया। वहीं अब पार्टी 'लोकतंत्र बचाओ मशाल शांति मार्च' निकालेगी।
'लोकतंत्र बचाओ मशाल शांति मार्च' निकालेगी पार्टी
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि कांग्रेस पार्टी के सभी सांसद और नेता आज शाम 7 बजे लाल किले से टाउन हॉल तक 'लोकतंत्र बचाओ मशाल शांति मार्च' में हिस्सा लेंगे। अगले 30 दिनों में देश भर में ब्लॉक, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं की भागीदारी से 'जय भारत सत्याग्रह' का आयोजन किया जाएगा।
जयराम रमेश ने कहा कि राहुल गांधी ने सोमवार को विपक्षी नेताओं के साथ बैठक में कहा कि सवाल उनकी अयोग्यता का नहीं है। उन्होंने खुद कहा कि यह राहुल गांधी को बचाने के बारे में नहीं है, बल्कि लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए है। जयराम ने कहा, "हमारा सवाल यह है कि अडानी और नरेंद्र मोदी के बीच क्या संबंध है। सरकार जेपीसी नहीं चाहती है।"
उन्होंने कहा, "सरकार नीरव मोदी को क्लीन चिट दे रही है। उन्होंने पिछले नौ साल से जातिगत जनगणना नहीं कराई लेकिन अब वे इसे ओबीसी का मुद्दा बना रहे हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि सोमवार की बैठक में 19 पार्टियों ने एक स्वर में कहा कि लोकतंत्र खतरे में है और हम सब एक साथ काम करने की जरूरत है।
अडानी मामले पर साधा निशाना
वहीं अडानी मामले पर कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने कहा कि यह सरकार अडानी घोटाले पर कुछ भी सुनना नहीं चाहती है। आज भी हमने इस घोटाले की जेपीसी जांच की मांग की। अगर सरकार दोषी नहीं है तो इस मुद्दे पर जेपीसी बनाने से क्यों भाग रही है?
काले कपड़े पहनकर कांग्रेस का प्रदर्शन
इससे पहले 27 मार्च को कांग्रेस नेताओं ने संसद में काले कपड़े पहनकर अपना विरोध दर्ज करवाया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि कानून को अगर हाथ में लिया जाएगा तो लोकतंत्र खत्म हो जाएगा, किसी को बोलने की आजादी नहीं रहेगी और इसलिए हम ये विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। अडानी आज जो इतना बड़ा आदमी बन गया है उसपर सरकार क्यों चुप है, हम इस मुद्दे पर JPC चाहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications