राहुल गांधी ने लगवाई कोरोना वैक्सीन, दो दिन से नहीं आ रहे हैं संसद
नई दिल्ली, जुलाई 30 : कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कोरोना वैक्सीन लगवाने को लेकर काफी दिनों से मीडिया में संशय बना हुआ था। सत्ताधारी पार्टी बीजपी लगातार इसको लेकर सवाल उठा रही था कि, राहुल गांधी ने कोरोना वैक्सीन ली है या नहीं? अब खबरें सामने आ रही है कि, राहुल गांधी ने कोरोना की वैक्सीन का पहला डोज लगवा लिया है। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी ने बुधवार को कोरोना वैक्सीन लगवाई थी।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राहुल गांधी ने बुधवार या गुरुवार को वैक्सीन लगवाई है। बताया जा रहा है कि, राहुल गांधी पिछले दो दिनों से संसद नहीं आ रहे हैं। माना जा रहा है कि, राहुल गांधी को वैक्सीन लगवाने के बाद बुखार आ रहा है। कोरोना से संक्रमित होने के तीन महीने बाद कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने टीका लगवाया है। हालांकि अभी यह जानकारी सामने नहीं आई है कि उन्होंने भारत में लगाए जा रहे किस टीके कौवैक्सीन या कोविशील्ड की खुराक ली है।
बीजेपी की ओऱ से लगातार राहुल गांधी द्वारा कोरोना वैक्सीन ना लेने को लेकर सवाल उठाए गए थे। संबित पात्रा ने पूछा था कि, आज हम सोनिया , राहुल और प्रियंका गांधी से पूछना चाहते हैं कि आप तीनों बताएं कि आपने वैक्सीन का अपना पहला और दूसरा डोज कब लिया या लिया ही नही? गांधी परिवार को कोवैक्सीन पर विश्वास है, या नहीं। ये सवाल केवल भाजपा का नहीं, बल्कि पूरे हिंदुस्तान का है।
इस पर कांग्रेस की ओर से सफाई भी आई थी। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा था कि, 'कांग्रेस अध्यक्ष (सोनिया) की बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा वैक्सीन की पहली डोज ले चुकी हैं। कांग्रेस अध्यक्ष के बेटे राहुल गांधी कोविड से उबरने के बाद डॉक्टरों की सलाह के मुताबिक वैक्सीन लेंगे। 20 अप्रैल को कोरोना संक्रमित हो गए थे, जिसके चलते राहुल गांधी के वैक्सीनेशन में देरी हुई।
बता दें सरकार की गाइडलाइन के मुताबिक, कोरोना संक्रमित होने के बाद कोई भी शख्स तीन महीनों तक कोरोना वायरस के खिलाफ वैक्सीन नहीं ले सकता है। पिछले महीने जून में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज ले चुकी हैं। वहीं प्रियंका गांधी ने मई के महीने में कोरोना वैक्सीन की पहली डोज ली थी।












Click it and Unblock the Notifications