PM के लेह दौरे पर बोले अधीर रंजन- बढ़ेगा जवानों का हौसला, पहले उठाना था ये कदम
नई दिल्ली: लद्दाख में पिछले दो महीने से सीमा विवाद जारी है। इस बीच शुक्रवार सुबह अचानक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लेह पहुंच गए। इस दौरान सीडीएस बिपिन रावत और सेना प्रमुख जनरल नरवणे भी उनके साथ मौजूद थे। पीएम मोदी ने लद्दाख के निमू में सेना के उच्च अधिकारियों से जमीनी हालात की जानकारी ली, साथ ही जवानों को संबोधित किया। वहीं अब विपक्षी दल कांग्रेस का इस मामले में बयान सामने आया है। कांग्रेस के मुताबिक पीएम मोदी को ये कदम पहले उठा लेना चाहिए था।
Recommended Video

न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने भी माना की पीएम मोदी के इस दौरे से सेना का मनोबल बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने लेह का दौरा किया, ये यात्रा निश्चित रूप से जवानों को प्रेरित करेगी। पीएम मोदी को पहले ही तनाव वाले इलाकों का दौरा कर लेना चाहिए था। इसके साथ ही चीनी घुसपैठियों को हमारे देश के कब्जे वाले इलाके से भगाना चाहिए।
राहुल का पीएम पर हमला
वहीं दूसरी ओर राहुल गांधी ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा है कि लद्दाख के लोग कह रहे हैं कि चीन हमारी जमीन ले रहा है और प्रधानमंत्री कहते हैं कि हमारी जमीन किसी ने नहीं ली है। जाहिर है, कोई न कोई झूठ बोल रहा है। राहुल ने ट्वीट में एक वीडियो भी अटैच किया है। इस वीडियो में राहुल गांधी ने दर्जनों ऐसे लोगों के बयान दिखाए हैं , जो दावा कर रहे हैं कि चीन ने भारतीय सीमा में घुसकर उनकी जमीन पर कब्जा कर लिया है। राहुल गांधी का ये ट्वीट तब आया, जब पीएम मोदी लेह में जवानों के साथ थे।
मनीष तिवारी ने पोस्ट की इंदिरा की तस्वीर
वहीं कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने लेह में जवानों से बात करते हुए इंदिरा गांधी की एक तस्वीर पोस्ट की। उन्होंने लिखा कि जब इंदिरा गांधी लेह गई थीं, तो पाकिस्तान दो हिस्सों में बंट गया था, अब देखते हैं क्या होता है। मनीष तिवारी की ओर से पोस्ट की गई तस्वीर 1971 की है। इसी साल पाकिस्तान से जंग हुई थी और पूर्वी पाकिस्तान (बांग्लादेश) आजाद हुआ था। पीएम मोदी के दौरे के साथ-साथ इस तस्वीर की भी चर्चा हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications