कांग्रेस ने 4 गांधी दिए, बीजेपी ने 3 मोदी- नीरव मोदी, ललित मोदी और एक वो जो अंबानी की गोद में बैठे हैं: सिद्धू
Recommended Video

कोटा। पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू रविवार को कांग्रेस पार्टी के प्रचार के लिए राजस्थान के कोटा पहुंचे। यहां रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर हमला बोला। सिद्धू ने कहा, 'कांग्रेस ने हमें चार गांधी दिए- इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, सोनिया गांधी और राहुल गांधी। वहीं, बीजेपी ने हमें तीन मोदी दिए हैं- नीरव मोदी, ललित मोदी और एक वो मोदी जो अंबानी की गोद में बैठे हुए हैं।

नवजोत सिंह सिद्धू इन दिनों पाकिस्तान दौरे की वजह से अपनी ही पार्टी के निशाने पर हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंह के इनकार के बाद भी पाकिस्तान जाने को लेकर सिद्धू के खिलाफ कई कांग्रेसी मंत्री खड़े हो गए हैं। सिद्धू से जब पूछा गया कि वह अमरिंदर सिंह के मना करने के बाद भी पाकिस्तान क्यों गए तो उन्होंने जवाब दिया कि वह कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से पूछकर पाकिस्तान गए थे। सिद्धू हाल में करतारपुर साहिब कॉरिडोर की नींव रखे जाने के कार्यक्रम में शामिल हुए थे, जहां खालिस्तान समर्थक गोपाल सिंह चावला के साथ उनकी तस्वीर सामने आई थी। सिद्धू को न केवल बीजेपी घेर रही है बल्कि कैप्टन अमरिंदर सिंह की सरकार के ही कई मंत्रियों ने खुलकर सिद्धू का विरोध शुरू कर दिया है।
पंजाब के कैबिनेट मंत्री तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, सुखविंदर सिंह सरकारिया और साधू सिंह धर्मसोत ने मंत्रिमंडल से सिद्धू के इस्तीफे की मांग की है। वरिष्ठ मंत्री साधू सिंह धर्मसोत ने यह कहकर सिद्धू के खिलाफ तंज कसा कि ये कपिल शर्मा का शो नहीं है। वहीं, बाजवा ने कहा, 'अगर सिद्धू अमरिंदर सिंह को कैप्टन नहीं मानते तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। अन्यथा वह कैप्टन अमरिंदर सिंह से माफी मांगें और स्वीकार करें कि उनसे गलती से ऐसा मुंह से निकल गया था।' दरअसल, पाकिस्तान जाने के सवाल पर सिद्धू ने कह दिया था कि उनके कैप्टन राहुल गांधी हैं। उनके इस बयान पर ग्रामीण विकास मंत्री तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा ने कहा, 'राहुल गांधी तो सभी के कैप्टन हैं, लेकिन जिस लहजे में सिद्धू बात कर रहे हैं, वह अच्छी बात नहीं है।'












Click it and Unblock the Notifications