छत्तीसगढ़: चुनाव में बंटने जा रहे एक ट्रक में हजारों टिफिन बरामद, कांग्रेस ने भाजपा पर लगाया आरोप
रायपुर। कांग्रसियों ने चुनाव में बंटने जा रहे एक टिफिन से भरे ट्रक को पकड़कर पुलिस को सौंपा है। आरोप है कि भाजपा चुनाव में लोगों को टिफिन बांटकर अपनी ओर आकर्षित करने के लिए सामान बांट रही है। ट्रक की जांच-पड़ताल की गई तो इसमें 7858 स्टील टिफिन बरामद हुए। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर ट्रक को जब्त कर लिया है।

पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस के प्रबल दावेदार विकास उपाध्याय ने बताया कि सूचना मिली थी कि पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में भारी मात्रा में स्टील का टिफिन आ रहा है जिसे क्षेत्र में बांटे जाने की तैयारी है। इस पर उन्होंने कांग्रेस के साथियों के साथ संदिग्ध ट्रक की तलाश शुरू कर दी। इस बीच सूचना मिली कि हीरापुर में टिफिन से भरा ट्रक पहुंचा है। इस पर कांग्रेसजनों ने हीरापुर पहुंचकर ट्रक को रूकवाया और इसकी सूचना पुलिस और राज्य निर्वाचन आयोग को दी। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने उक्त ट्रक को जप्त कर लिया है साथ ही मामले की जांच करने पुलिस प्रशासन को निर्देशित किया है।

कांग्रेस का आरोप है कि विरोधी अपनी संभावित हार से मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए इस तरह के हथकंडे अपना रही है। इधर, विकास उपाध्याय ने आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें सूचना मिली कि उक्त टिफिन का वितरण पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के गुढिय़ारी, रामनगर, सरोना, कोटा, रायपुरा, अशोक नगर जैसे क्षेत्रों में किया जाता, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सजगता से हजारों टिफिन पकड़ा गया। यह सीधे-सीधे चुनाव में मतदाताओं को प्रभावित करने वाला कृत्य है।
विकास उपाध्याय ने कहा- रायपुर के पश्चिम विधानसभा के हीरापुर में साढ़े सात हजार से ज्यादा स्टील टिफिन पकड़ाया है, चुनाव को प्रभावित करने के लिए ऐसी चीजों का उपयोग किया जा रहा है। अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में साड़ी, मोबाइल, पैसों का वितरण किया जा रहा है। इस ट्रक को कांग्रेसियों ने पकड़वाया है, मामले की शिकायत निर्वाचन आयोग से की गई है।
ये भी पढ़ें- यूपी पुलिस का एक और चेहरा, चंदा करके गरीबों को खिलाया खाना, तस्वीरें वायरल












Click it and Unblock the Notifications