पीएम मोदी से मिले बीएस येदियुरप्पा, कहा- मुझे नेतृत्व परिवर्तन के बारे में कुछ पता नहीं
नई दिल्ली, जुलाई 16: कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा आज विशेष विमान से दिल्ली पहुंचे। अचानक से दिल्ली आने के चलते राज्य में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों का बाजार एकबार फिर से गर्मा गया है। 78 वर्षीय येदियुरप्पा और उनके बेटे और बीजेपी कर्नाटक इकाई के उपाध्यक्ष विजेन्द्र विशेष फ्लाइट से दिल्ली पहुंचे। मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए सीएम येदियुरप्पा ने कहा कि, मुझे नेतृत्व परिवर्तन के बारे में कुछ पता नहीं हैं।

पीएम मोदी से मुलाकात के बाद सीएम बीएस येदियुरप्पा ने कहा कि, मैं नेतृत्व परिवर्तन के बारे में कुछ नहीं जानता हूं, आपको (मीडिया से) कहना होगा। पीएम मोदी से चर्चा के दौरान मैंने उनसे राज्य में विकास कार्यों को करने की अनुमति देने का अनुरोध किया था।
Recommended Video
हाल ही में भाजपा के प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह ने राज्य का दौरा किया था और सत्तारूढ़ दल के विधायकों से मुलाकात की थी। मुलाकात के बाद उन्होंने दोहराया था कि मुख्यमंत्री को पार्टी नेतृत्व का समर्थन प्राप्त है और येदियुरप्पा और उनकी सरकार अच्छा काम कर रही है। हालांकि अरुण सिंह के इस बयान के बावजूद येदियुरप्पा की कार्यप्रणाली को लेकर शिकायतें और कामकाज में उनके बेटे की कथित दखलंदाजी को लेकर बदलाव की अटकलें तैर रही हैं।
हालांकि इन चर्चाओं को खारिज करते हए हुए राजस्व मंत्री आर अशोक ने कहा, 'यह सामान्य प्रक्रिया है और कुछ भी नहीं है। कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन नहीं होगा, येदियुरप्पा बने रहेंगे। वह प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और पार्टी अध्यक्ष और अन्य केंद्रीय मंत्रियों विशेषकर सिंचाई मंत्री से मिलने के लिए दिल्ली का दौरा कर रहे हैं। कावेरी नदी का मुद्दा सबसे बड़ा मुद्दा है। इसलिए वह दिल्ली का दौरा कर रहे हैं।
कर्नाटक और तमिलनाडु मेकेदातु में कावेरी नदी पर कर्नाटक द्वारा एक बनाई जा रही सिंचाई परियोजना को लेकर संघर्ष तेज हो गया है। मंत्री ने यह भी कहा कि निकट भविष्य में राज्य में कैबिनेट फेरबदल की कोई योजना नहीं है और मुख्यमंत्री ने इसकी पुष्टि की है। वहीं असंतुष्ट विधायकों को लेकर हाल ही में येदियुरप्पा ने कहा था कि, कोई राजनीतिक संकट नहीं है ... जो हो रहा है वह सिर्फ इसलिए है क्योंकि एक या दो लोग (विधायक) मीडिया में कुछ कह रहे हैं, यह गलतफहमी पैदा कर रहा है। मेरे खिलाफ बोलने वाले ये एक या दो लोग कोई नई बात नहीं है, ये शुरू से करते आ रहे हैं और हाईलाइट हो रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications