'तेलंगाना का बकाया जारी करे आंध्र प्रदेश', सीएम रेवंत रेड्डी ने गृह मंत्री अमित शाह से मांगा सहयोग
तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी गुरुवार को दिल्ली पहुंचे और केंद्रीय मंत्रियों अमित शाह, हरदीप सिंह पुरी और गजेंद्र सिंह शेखावत से मुलाकात की। रेवंत रेड्डी ने तीनों मंत्रियों से राज्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने आंध्र प्रदेश के विभाजन के दौरान आवंटित आईपीएस अधिकारियों की कमी का मुद्दा भी उठाया।

रेवंत रेड्डी ने कैडर की ताकत बढ़ाने का अनुरोध करते हुए कहा कि विभाजन के समय तेलंगाना को केवल 76 आईपीएस अधिकारी आवंटित किए गए थे। उन्होंने कहा कि राज्य की प्रशासनिक मांगों को पूरा करने के लिए कम से कम 29 अतिरिक्त आईपीएस अधिकारियों की आवश्यकता है। अमित शाह ने रेवंत रेड्डी को आगामी 2024 बैच से ज्यादा संख्या में आईपीएस अधिकारियों के आवंटन का आश्वासन दिया।
इसके अलावा रेवंत रेड्डी ने आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के बीच संपत्तियों के बंटवारे में भी अमित शाह से सहयोग मांगा। उन्होंने अमित शाह से यह सुनिश्चित करने का निवेदन किया कि साझा संपत्तियों के इस्तेमाल करने के मामले में आंध्र प्रदेश अपने वित्तीय दायित्वों को पूरा करे।
इसके अलावा केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के साथ चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने एयरपोर्ट मेट्रो के एलाइनमेंट में जिस बदलाव का प्रस्ताव रखा गया है, उसके बारे में बात की। उन्होंने हरदीप पुरी से केंद्र और राज्य द्वारा संयुक्त रूप से संशोधित मेट्रो रेल को शुरू करने पर विचार करने का निवेदन भी किया। रेवंत रेड्डी ने कहा कि बीएचईएल से एलबी नगर मेट्रो (26 किमी, अनुमानित लागत 9,100 करोड़ रुपये) और रायदुर्ग से एयरपोर्ट मेट्रो (32 किमी, अनुमानित लागत 6,250 करोड़ रुपये) को संशोधित किया जाना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications