अरुणाचल प्रदेश के CM पेमा खांडू समेत 7 नेताओं को पार्टी ने किया सस्पेंड, PPA अध्यक्ष ने दी जानकारी
पार्टी ने सीएम खांडू के अलावा डिप्टी सीएम चोवना मेन और पांच अन्य विधायकों को भी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है।
ईटानगर। अरुणाचल प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर भूचाल आ गया है। राज्य में बीजेपी के समर्थन से सरकार चलाने वाली अरुणाचल पीपल्स पार्टी (PPA) ने मुख्यमंत्री पेमा खांडू और छह अन्य सदस्यों को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है। यह निलंबन अस्थाई तौर पर किया गया है।

पार्टी ने बताई कार्रवाई के पीछे की वजह
न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, पार्टी ने तत्काल प्रभाव से सभी नेताओं को बाहर कर दिया है और उनसे सभी वैधानिक फैसले लेने के अधिकार छीन लिए हैं। पार्टी ने यह एक्शन अनुशासनात्मक कार्रवाई के तहत लिया है। पार्टी ने सीएम खांडू के अलावा डिप्टी सीएम चोवना मेन और पांच अन्य विधायकों को भी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है। पार्टी अध्यक्ष काहफा बेंजिया ने विधानसभा अध्यक्ष को चिट्ठी लिखकर कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री और छह अन्य के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है।
इसी साल जुलाई में बने थे मुख्यमंत्री
पेमा खांडू इसी साल 17 जुलाई को अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे। यह पद संभालने वाले वह देश के सबसे युवा सीएम थे। उनसे पहले यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव इस लिस्ट में सबसे आगे थे। पेमा खांडू राज्य के दिवंगत मुख्यमंत्री दोरजी खांडू के बेटे हैं। खांडू से पहले नवाम तुकी अरुणाचल के मुख्यमंत्री थे। इससे पहले राज्य की सियासत में बड़ा संकट तब खड़ा हुआ था जब खांडू समेत कांग्रेस के 43 विधायकों ने पार्टी को अलविदा कह दिया था। उस वक्त ये सभी नेता पीपल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल में शामिल हुए थे। बीजेपी के समर्थन वाली पीपीए में इन नेताओं के आने के बाद दो गुट बनने लगे थे।












Click it and Unblock the Notifications