CJP छोड़ NDA में शामिल होंगे अभिजीत दीपके? ऑफर मिलने पर अब आया जवाब, क्या बोले?
Abhijeet Dipke: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके को अब सत्तारूढ़ NDA के एक घटक दल में शामिल होने का न्योता मिला है। केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने उन्हें रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) में शामिल होने की सलाह दी है। इस पेशकश के बाद दीपके ने जिस अंदाज में जवाब दिया, उसने फिर राजनीतिक चर्चा तेज कर दी है। उन्होंने सीधे तौर पर किसी पार्टी में जाने की बात नहीं कही, बल्कि एक पुराने विवाद की याद दिलाते हुए तंज कसा।
दीपके ने कहा कि जिस समय वह जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन का नेतृत्व कर रहे थे, तब उन्हें और उनकी टीम को 'एंटी नेशनल' कहा जा रहा था। अब उसी व्यक्ति को NDA में शामिल होने का न्योता मिल रहा है। दीपके ने इसी विरोधाभास को लेकर सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

आठवले ने दिया था ऑफर
केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने हाल ही में अभिजीत दीपके को अपनी पार्टी RPI(A) में शामिल होने का न्योता दिया था। उन्होंने दीपके को युवा, सक्रिय और आंबेडकरवादी बताते हुए कहा था कि उन्हें डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के विचारों को आगे बढ़ाने के लिए पार्टी के साथ आना चाहिए।
ये भी पढ़ें: घाघरा-ट्यूब टॉप में ये क्या कर रहे CJP फेम उज्ज्वल सिंह? वायरल वीडियो देख लोग कर रहे ट्रोल!
आठवले ने CJP के हालिया आंदोलन की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि दीपके ने पेपर लीक के मुद्दे पर अच्छा आंदोलन किया है और उनके अनुभव का इस्तेमाल पार्टी को मजबूत करने में किया जा सकता है। साथ ही उन्होंने दीपके को अरविंद केजरीवाल के साथ ज्यादा रहने के बजाय रिपब्लिकन पार्टी की टीम में शामिल होने की सलाह दी थी।
दीपके ने दिया तंज भरा जवाब
आठवले की पेशकश से जुड़ी खबर को शेयर करते हुए अभिजीत दीपके ने इंस्टाग्राम पर लिखा, "पर अभी एक महीने पहले तो मैं एंटी-नेशनल था तुम्हारे लिए?"

दीपके का यह जवाब सीधे तौर पर उनके पिछले आंदोलन से जुड़ा है। उनका कहना है कि कुछ समय पहले तक आंदोलन के दौरान उन्हें और उनकी टीम को लेकर काफी तीखी बातें कही जा रही थीं। अब उसी आंदोलन के बाद उन्हें NDA के एक घटक दल में शामिल होने का न्योता मिल रहा है।
जंतर-मंतर आंदोलन से मिली पहचान
अभिजीत दीपके उस समय चर्चा में आए जब उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक के खिलाफ छात्रों के आंदोलन की अगुवाई की। CJP के नेतृत्व में यह प्रदर्शन एक महीने से ज्यादा समय तक चला और इसमें बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए। आंदोलन के बाद दीपके और CJP ने इसे अपनी बड़ी सफलता के तौर पर पेश किया। इसी दौरान दीपके का नाम राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आया और अब राजनीतिक दलों की ओर से उन्हें साथ आने के प्रस्ताव की बात सामने आ रही है।
क्या राजनीति में आएंगे दीपके?
अभिजीत दीपके पहले भी साफ कर चुके हैं कि CJP फिलहाल चुनाव लड़ने वाली पारंपरिक राजनीतिक पार्टी के तौर पर काम नहीं करेगी। उनका कहना है कि संगठन अभी एक 'प्रेशर ग्रुप' के रूप में काम करेगा और देश से जुड़े मुद्दों को उठाएगा। आंदोलन के बाद CJP ने महाराष्ट्र में 'स्कूल ठीक करो' अभियान भी शुरू किया है। इस अभियान का मकसद सरकारी स्कूलों की खराब व्यवस्था और उससे जुड़ी समस्याओं को सामने लाना है।
ऐसे में RPI(A) की ओर से मिले न्योते के बाद अब सबसे ज्यादा चर्चा इसी बात की है कि क्या अभिजीत दीपके आगे चलकर सक्रिय राजनीति का हिस्सा बनेंगे या CJP को दबाव समूह के तौर पर ही आगे बढ़ाएंगे।
ये भी पढ़ें: CJP प्रोटेस्ट में पुलिस वैन के आगे खड़ी होने वाली रिया क्यों हो रही ट्रोल? वीडियो में रोते हुए बताया अपना दर्द!


Click it and Unblock the Notifications
