कर्नाटक: हिंदू संगठन के लोग जबरन स्कूल में घुसे, क्रिसमस कार्यक्रम को रोका
बेंगलुरु, 24 दिसंबर: कर्नाटक के मांड्या जिले में हिंदूवादी कार्यकर्ताओं के एक समूह ने एक स्कूल में जमकर बवाल किया। कुछ लोगों का समूह एक स्कूल में घुस गया, जहां पर क्रिसमस से जुड़े कार्यक्रम चल रहे थे। उन्होंने स्कूल में चल रहे क्रिसमस कार्यक्रम को रोक दिया और स्कूल के अध्यापकों को जमकर धमकाया। यहीं उन लोगों ने स्कूल प्रशासन से पूछा कि आखिर हमारे क्रिसमस का त्यौहार क्यों नहीं मनाते?

एनडीटीवी की खबर के मुताबिक, निर्मला इंग्लिश हाई स्कूल और कॉलेज की प्रधानाध्यापिका के अनुसार, जब स्कूल के छात्र क्रिसमस समारोह का आयोजन कर रहे थे तभी दक्षिणपंथी समूह के सदस्य जबरन स्कूल में घुस गए और स्कूल प्रबंधन से पूछताछ करने लगे। प्रधानाध्यापिका कनिका फ्रांसिस मेरी बताया कि, हम हर साल क्रिसमस समारोह आयोजित करते रहे हैं। लेकिन कोविड प्रतिबंधों के कारण, हमने इसे बंद करने का फैसला किया।
उन्होंने कहा कि, छात्रों के आग्रह पर हमने एक छोटा उत्सव आयोजित किया। छात्रों ने स्वेच्छा से पैसे जमा किए थे और केक का ऑर्डर दिया था। इनमें से एक छात्र के माता-पिता ने इस कार्यक्रम पर आपत्ति जताई थी। आपत्ति जताने वाले माता पिता ने ही इसकी सूचना स्थानीय हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं को दी और कहा कि स्कूल में ईसाई धर्म का प्रचार किया जा रहा है। यहां क्रिसमस मनाया जाता है लेकिन हिंदू त्यौहार नहीं मनाया जाता है। जिसके बाद हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने स्कूल में घुसकर क्रिसमस कार्यक्रम को रोक दिया और उत्पात मचाया।
उन्होंने कहा कि हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने हमें स्कूल में गणेश चतुर्थी मनाने के लिए कहा है और स्कूल में सरस्वती की तस्वीर लगाने की बात भी कही है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हंगामे वाले वीडियो में लोग स्कूल के अधिकारियों से सवाल करते हुए दिखाया गया है कि हिंदू त्योहार क्यों नहीं मनाए जा रहे हैं? स्कूल प्रबंधन ने इस मामले में शिकायत करने का फैसला किया है।












Click it and Unblock the Notifications