भारतीय एयरलाइनों को क्यों मिल रही है बम से उड़ाने की लगातार धमकी? केंद्रीय गृह सचिव ने की इसपर चर्चा
Bomb threats Airlines: दो शीर्ष विमानन सुरक्षा अधिकारियों ने सोमवार (21 सोमवार) को केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन से मुलाकात की और भारतीय एयरलाइनों को बम से उड़ाने की लगातार मिल रही धमकियों की घटनाओं पर चर्चा की।
भारतीय एयरलाइनों को लगातार बम की धमकी मिल रही है। जिससे उड़ानों का मार्ग परिवर्तित हो रहा है, उड़ानें रद्द हो रही हैं और यात्रियों को असुविधा हो रही है।

नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) के महानिदेशक (डीजी) जुल्फिकार हसन और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के महानिदेशक राजविंदर सिंह भट्टी ने यहां नॉर्थ ब्लॉक स्थित मोहन के कार्यालय में उनसे मुलाकात की। तीनों अधिकारी करीब आधे घंटे तक एक कमरे में बैठे रहे।
सूत्रों ने बताया कि भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी हसन और भट्टी ने गृह सचिव को बम से उड़ाने की घटनाओं और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए उठाए गए कदमों के बारे में जानकारी दी। हालांकि, बैठक का ब्योरा तत्काल उपलब्ध नहीं है। रविवार को भारतीय एयरलाइनों की 25 उड़ानों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह घटनाक्रम विभिन्न भारतीय वाहकों की 30 से अधिक उड़ानों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के एक दिन बाद हुआ।
बीसीएएस भारत में अंतरराष्ट्रीय और घरेलू हवाई अड्डों पर नागरिक उड़ानों की सुरक्षा के संबंध में मानक और उपाय निर्धारित करता है, जबकि वैश्विक रूप से विकसित हो रहे विमानन सुरक्षा परिदृश्य के प्रति संवेदनशील रहता है। यह घरेलू परिचालन के साथ-साथ सभी मानकों और अनुशंसित अंतरराष्ट्रीय प्रथाओं को भी लागू करता है।
बीसीएएस नागरिक विमानन सुरक्षा मामलों में कर्मियों का समन्वय, निगरानी, निरीक्षण और प्रशिक्षण करता है, जिससे विमानन सुरक्षा की प्रभावशीलता अधिकतम हो और नागरिक विमानन परिचालन में गैरकानूनी हस्तक्षेप के कृत्यों को कम से कम किया जा सके। सीआईएसएफ देश के 68 नागरिक हवाई अड्डों की सुरक्षा करता है, जिसमें लगभग 40,000 कर्मी तैनात हैं, जो आतंकवाद विरोधी सुरक्षा कवर प्रदान करते हैं, यात्रियों की तलाशी लेते हैं और सामान की जांच करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications