मनोहर पर्रिकर बने रहेंगे गोवा के मुख्यमंत्री: अमित शाह
पणजी। गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर की तबीयत खराब होने के चलते गोवा के मुख्यमंत्री पद को लेकर उहापोह की स्थिति बनी हुई थी और इस पद के नए दावेदार को लेकर अटकलों का बाजार गर्म था। लेकिन आज भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के ट्वीट के बाद इन अटकलों पर विराम लग गया है। अमित शाह ने बयान दिया है कि मनोहर पर्रिकर ही गोवा के मुख्यमंत्री बने रहेंगे।

अमित शाह ने ये फैसला गोवा प्रदेश बीजेपी की कोर टीम के साथ हुई मीटिंग के बाद लिया है। जिसमें ये तय किया गया कि मनोहर पर्रिकर ही गोवा सरकार का नेतृत्व करेंगे। इसके अलावा प्रदेश के सरकार के मंत्रिमंडल व विभागों के बारे में अमित शाह ने कहा कि, बहुत जल्द ही इनमें जरूरी फेरबदल किये जायेंगे।
बताते चलें कि, हाल ही में पर्रिकर को पैनक्रियाज संबंधी बीमारी के इलाज के लिए एम्स में भर्ती कराया गया था। पर्रिकर की हालत खराब होने के बाद गोवा में सरकार बदलने की योजनाएं बनने लगी थीं। इस बाबत कांग्रेस नेताओं ने गोवा की राज्यपाल मृदुला सिन्हा से मुलाकात भी की थी। इस मुलाकात के दौरान कांग्रेस के नेताओं ने राज्यपाल से पर्रिकर की सरकार को बर्खास्त करने की मांग भी की थी और अपनी पार्टी को वैकल्पिक सरकार बनाने के दावे की इजाजत की मांग भी की थी। लेकिन अमित शाह के ट्वीट के बाद इन सभी बातों पर पूर्ण विराम लग चुका है और एक बार फिर गोवा की कमान मनोहर पर्रिकर के ही हाथों में सौंप दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications