रायपुर में दर्दनाक हादसा, बस-ट्रक की टक्कर में 7 मजदूरों की मौत
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में छेरीखेड़ी के पास देर रात एक बस और ट्रक की टक्कर में 7 मजदूरों की मौत हो गई। इस हादसे में 7 लोग घायल हैं जिनका इलाज चल रहा है। जानकारी के मुताबिक बस ओडिशा से करीब 50 मजदूरों को लेकर गुजरात जा रही थी। इसी दौरान यह हादसा हो गया। बस का एक तरफ का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है।

हादसे के बाद ट्रक का चालक फरार है।रायपुर के एसएसपी अजय यादव ने कहा, ओडिशा के गंजम से गुजरात के सूरत मजदूरों को ले जा रही बस की रायपुर में खेड़ी के पास टक्कर हो गई, जिसमें सात लोगों की मौत हो गई और सात लोग घायल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। अभी तक मृतकों की पहचान नहीं की गई है। पुलिस बल मौके पर मौजूद है।
वहीं दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश में गुरुवार को लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर हुई बस दुर्घटना में 30 प्रवासी मजदूर घायल हो गए। हादसा एक निजी बस के पलट जाने और आग लगने से हुआ। पुलिस और उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीआईईडीए) के कर्मियों ने बचाव कार्य करते हुए आग को बुझाया। उन्हें संदेह है कि इंजन के गर्म होने के कारण आग लगी।












Click it and Unblock the Notifications