'पाकिस्तान मुर्दाबाद' का नारा लगाइए और चिकन लेग पीस पर 10 रुपए की छूट पाइए
'पाकिस्तान मुर्दाबाद' का नारा लगाइए और चिकन लेग पीस पर 10 रुपए की छूट पाइए, जानिए कहां मिल रहा है ये ऑफर?
नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले के बाद देश के अलग-अलग हिस्सों में आक्रोश देखने को मिल रहा है। हालांकि भारतीय सेना ने महज 100 घंटों के भीतर ही पुलवामा हमले के मास्टरमाइंड माने जा रहे अब्दुल रशीद गाजी समेत जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकियों को कश्मीर में मार गिराया, लेकिन देश के 40 जवानों की शहादत के बाद पाकिस्तान को लेकर लोगों में उपजा गुस्सा कम नहीं हो रहा है। देश के अलग-अलग शहरों में पाकिस्तान का पुतला फूंकने के साथ ही 'पाकिस्तान मुर्दाबाद' के नारे गूंज रहे हैं। इन सबके बीच छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में सड़क किनारे ठेला लगाने वाले एक शख्स ने पाकिस्तान के प्रति अपना गुस्सा दिखाने का एक अनोखा ही तरीका निकाला है।

'दिल से पाकिस्तान मुर्दाबाद कहना चाहिए'
छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में चिकन और कबाब का ठेला लगाने वाले अंजल सिंह पुलवामा में हुए आतंकी हमले के बाद से बेहद गुस्से में हैं। पाकिस्तान को लेकर अपने गुस्से का इजहार करने के लिए अंजल सिंह ग्राहकों को एक खास ऑफर दे रहे हैं। वो ऑफर है- 'पाकिस्तान मुर्दाबाद' का नारा लगाइए और चिकन लेग पीस पर 10 रुपए की छूट पाइए। अंजल सिंह ने इस ऑफर का बैनर अपने फूड स्टॉल पर लगाया हुआ ह। अंजल सिंह का कहना है कि पाकिस्तान ने ना कभी मानवता के बारे में सोचा है और ना कभी सोचेगा, इसलिए हर किसी को दिल से 'पाकिस्तान मुर्दाबाद' कहना चाहिए। आस-पास के इलाकों में अंजल सिंह के इस खास ऑफर की काफी चर्चा हो रही है।

सोशल मीडिया पर अंजल सिंह की चर्चा
'झटका चिकन तंदूर' नाम से अंजल सिंह का फूड स्टॉल ओडिशा की सीमा से सटे और दक्षिणी छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में स्थित जगदलपुर शहर में है। सड़क किनारे एक नीले रंग की गाड़ी पर फूट स्टॉल लगाने वाले अंजल सिंह चिकन के अलग-अलग व्यंजन जैसे कबाब, तंदूरी चिकन आदि बेचते हैं और उनके इस ऑफर को सुनकर उनकी दुकान पर काफी भीड़ लगी रहती है। अंजल सिंह का ऑफर सोशल मीडिया पर भी काफी हिट हो रहा है। लोग उनके स्टॉल की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर करते हुए अंजल सिंह के जज्बे की तारीफ कर रहे हैं।

हमले में शहीद हुए थे CRPF के 40 जवान
आपको बता दें बीते 14 फरवरी को 2500 से ज्यादा सीआरपीएफ जवानों को लिए 78 गाड़ियों का काफिला जम्मू से बीते शुक्रवार को तड़के 3 बजे श्रीनगर जाने के लिए निकला था। जवानों का यह काफिला श्रीनगर से महज 30 किलोमीटर ही दूर था, कि तभी आदिल अहमद डार नाम का फिदायीन आतंकी आरडीएक्स से भरी हुई गाड़ी हाईवे पर लेकर आया और जवानों की बस से गाड़ी को टकरा दिया। तेज धमाका हुआ और बस के परखच्चे उड़ गए। साथ चल रहे सीआरपीएफ के बाकी जवान कुछ समझ पाते, तब तक इस आतंकी हमले में उनके 40 साथी जवान शहीद हो चुके थे। धमाका इतना भीषण था कि बस के टुकड़ों के साथ सीआरपीएफ के शहीद जवानों के शव एक किलोमीटर के दायरे में बिखर गए। इस हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने ली है। हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर तनाव बना हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications